scorecardresearch
 
Advertisement

नेपाल में भारी बारिश का बिहार तक असर, उफान पर गंडक नदी

नेपाल में भारी बारिश का बिहार तक असर, उफान पर गंडक नदी

बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ गया है. राज्य के समस्तीपुर में पानी की सतह से आसमान तक उठते जल बवंडर की हैरान करने वाली तस्वीरें सामने आई हैं. वहीं, हाजीपुर में चक्रवाती हवाओं का असर देखने को मिल रहा है. हालांकि, इन दोनों घटनाओं में किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन इसने लोगों को डरा दिया है. दूसरी तरफ, बिहार में गंडक नदी भारी उफान पर है. नेपाल में हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. वाल्मिकी नगर गंडक बैराज से पानी का डिस्चार्ज बढ़कर करीब 5,43,000 क्यूसेक तक पहुंच गया है. इतने बड़े पैमाने पर पानी छोड़े जाने के कारण डाउन स्ट्रीम में गंडक नदी खतरे के निशान को पार कर चुकी है. इस स्थिति से पश्चिम चंपारण के कई इलाकों जैसे वाल्मिकी नगर, बगहा और गोपालगंज में बाढ़ का खतरा काफी बढ़ गया है. वाल्मिकी नगर और बगहा को जोड़ने वाले स्टेट हाईवे 64 पर चार से पांच फीट तक पानी भर गया है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है. प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है. मानसून के अंतिम पड़ाव में गंडक नदी का यह रौद्र रूप डराने वाला है. नदी के बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटा जा सके.

Advertisement
Advertisement