scorecardresearch
 

साथ रह रहे थे प्रेमी-प्रेमिका, परिजनों को लगी भनक तो मंदिर में करा दी शादी- VIDEO

बिहार के मोतिहारी में Instagram पर शुरू हुई प्रेम कहानी का अनोखा अंत हुआ. हिंदरी बाजार की आरती कुमारी और छतौनी के देवा दास की दो साल पहले दोस्ती हुई, जो प्यार में बदल गई. परिवारों की नाराजगी और मुलाकातों पर पाबंदी के बावजूद दोनों मिलते रहे.

Advertisement
X
शादी से प्रेमी-प्रेमिका दोनों हैं खुश. (Photo: Screengrabs)
शादी से प्रेमी-प्रेमिका दोनों हैं खुश. (Photo: Screengrabs)

बिहार के मोतिहारी में Instagram से शुरू हुई एक प्रेम कहानी का ऐसा मोड़ आया कि मोहल्ले के लोगों को ही प्रेमी जोड़े की शादी कराने के लिए आगे आना पड़ा. दो साल पहले सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती प्यार में बदली, दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे, लेकिन जब परिवारों ने उनके रिश्ते पर पहरा लगाया तो मुलाकातों का सिलसिला नहीं थमा. आखिरकार मोहल्ले वालों ने दोनों परिवारों को बुलाया, मंदिर में पंडित को बुलवाया और आरती-देवा की शादी करा दी.

Instagram पर दोस्ती, फिर प्यार और लिव-इन रिलेशनशिप
यह कहानी मोतिहारी के हिंदरी बाजार की रहने वाली आरती कुमारी और छतौनी के देवा दास की है. दोनों की मुलाकात Instagram के जरिए हुई थी. बातचीत बढ़ी तो दोस्ती प्यार में बदल गई. देखते ही देखते दोनों का रिश्ता इतना गहरा हो गया कि वे साथ रहने लगे.

जब परिवारों को उनके रिश्ते की जानकारी मिली तो नाराजगी बढ़ गई और दोनों के मिलने पर पाबंदियां लगा दी गईं. इसके बावजूद आरती और देवा ने एक-दूसरे से मिलना नहीं छोड़ा. दोनों घर से दूर जाकर रहने लगे. इसी दौरान विवाद बढ़ने पर देवा की पिटाई होने की बात भी सामने आई. मामला पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस ने दोनों को समझाकर परिवारों के पास भेज दिया.

चोरी-छिपे मिलना जारी रहा, फिर मोहल्ले वालों ने लिया फैसला
परिवारों की नाराजगी और पुलिस की समझाइश के बाद भी दोनों का मिलना-जुलना जारी रहा. आरती भी छिपकर देवा से मिलने पहुंच जाती थी. दोनों के लगातार मिलने से मोहल्ले के लोग परेशान होने लगे. इसके बाद उन्होंने दोनों परिवारों को बुलाकर इस रिश्ते का कोई स्थायी समाधान निकालने का फैसला किया.

Advertisement

फिर क्या था, मंदिर में शादी की तैयारी शुरू हो गई. मोहल्ले के लोगों ने माला मंगवाई, पंडित को बुलाया और दोनों की शादी करा दी. आरती की मांग में सिंदूर भरवाया गया और इस तरह दो साल से चल रही प्रेम कहानी शादी के बंधन तक पहुंच गई.

आरती बोली- अब हम दोनों खुश हैं
शादी के बाद आरती कुमारी ने कहा कि दोनों परिवारों की सहमति से शादी हुई है और वे खुश हैं. उसने बताया कि दो साल पहले Instagram से जान-पहचान शुरू हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. शुरुआत में परिवार के लोग नाराज थे, लेकिन अब सभी ने मिलकर शादी कराई है.

वहीं, समाजसेवी संजीत कुमार ने बताया कि दोनों के प्रेम प्रसंग को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं. ऐसे में मोहल्ले के लोगों ने परिवारों को साथ लेकर मंदिर में शादी कराने का फैसला किया. इस तरह Instagram पर शुरू हुई आरती और देवा की प्रेम कहानी का अंत शादी के साथ हुआ.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement