scorecardresearch
 

सीवान में AK-47 से फायरिंग करने वाला जवान अभिषेक पटेल सस्पेंड, वायरल VIDEO के बाद बड़ा एक्शन

नीट पेपर लीक के विरोध में शनिवार को बिहार बंद के दौरान सिवान में हुए उग्र प्रदर्शन के बीच AK-47 से हवाई फायरिंग करने वाले जवान को निलंबित कर दिया गया है. जवान की पहचान एसआईटी टीम के अभिषेक पटेल के रूप में हुई है.

Advertisement
X
सीवान में प्रदर्शन के दौरान फायरिंग करता जवान. (Photo: Screengrabs)
सीवान में प्रदर्शन के दौरान फायरिंग करता जवान. (Photo: Screengrabs)

नीट पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को बिहार बंद के दौरान हुए उग्र प्रदर्शन के बीच सिवान में AK-47 से हवाई फायरिंग करने वाले जवान को निलंबित कर दिया गया है. सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले का संज्ञान लिया और कार्रवाई करते हुए जवान को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया. जवान की पहचान एसआईटी टीम में तैनात अभिषेक पटेल के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र और प्रदर्शनकारी सिवान के गांधी मैदान में जुटने लगे थे. इसके बाद प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया. प्रदर्शनकारियों ने शहर के कई हिस्सों में हंगामा किया, पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ी और गांधी मैदान व जेपी चौक के पास पुलिस पर पथराव किया. इस दौरान सिवान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पुराण कुमार झा घायल हो गए थे. उनके पैर में चोट आई लगी थी. वहीं कई पुलिसकर्मी और ड्यूटी पर मौजूद पत्रकार भी पथराव की चपेट में आकर घायल हुए थे.

वीडियो में फायरिंग करते दिखा था जवान
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब भीड़ नहीं मानी तो लाठीचार्ज किया गया. इसके बाद आंसू गैस के गोले छोड़कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया गया. इसी दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक जवान AK-47 से हवाई फायरिंग करता दिखाई दिया. वीडियो वायरल होने के बाद इस कार्रवाई पर सवाल उठे, जिसके बाद विभागीय जांच शुरू की गई.

Advertisement

प्रारंभिक जांच में जवान की पहचान अभिषेक पटेल के रूप में होने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कराई जा रही है. यदि जांच में किसी अन्य पुलिसकर्मी की भूमिका भी सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. 
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement