scorecardresearch
 

स्कूल जा रही लड़की का बाइक से पीछा, फिर सामने से आकर बरसाई गोलियां 

समस्तीपुर में स्कूल जा रही 15 साल की छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. बाइक सवार हमलावर वारदात के बाद फरार हो गया. पुलिस ने एफएसएल और एसआईटी की मदद से जांच शुरू कर दी है. परिवार के इनपुट के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है.

Advertisement
X
स्कूल जा रही लड़की का बाइक से पीछा, फिर सामने से आकर बरसाई गोलियां (Photo: itg)
स्कूल जा रही लड़की का बाइक से पीछा, फिर सामने से आकर बरसाई गोलियां (Photo: itg)

बिहार के समस्तीपुर जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. पूसा वैनी थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही 15 साल की छात्रा की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब छात्रा अपनी साइकिल से कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय जा रही थी. घटना के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया, जबकि इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

बाइक से पीछा और फिर बरसाई गोलियां

मृतक छात्रा की पहचान पूसा वैनी थाना क्षेत्र निवासी सोनम कुमारी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, सोनम रोज की तरह सुबह साइकिल से स्कूल के लिए निकली थी. जब वह मंगल स्थान के पास पहुंची, तभी पल्सर बाइक पर सवार एक युवक उसका पीछा करने लगा. कुछ दूरी आगे बढ़ने पर केजिया वार्ड-13 के पास आरोपी ने छात्रा की साइकिल को ओवरटेक किया और सामने से आकर पिस्टल निकालकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. बताया जा रहा है कि चार गोलियां सोनम को लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

गोली मारकर फरार हो गया हत्यारा

घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे. थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए. सूचना मिलने पर वैनी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन इस दौरान परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. कुछ देर के लिए पुलिस और लोगों के बीच बहस और हल्की झड़प की स्थिति भी बनी. बाद में परिजन छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर लेकर पहुंचे.

Advertisement

घटनास्थल से पुलिस ने चार खोखे बरामद किए हैं. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया जा सके.

गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी

सदर डीएसपी-1 संजय कुमार पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में परिवार की ओर से कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं. उनके आधार पर संदिग्ध की पहचान कर ली गई है. उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जा रहा है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस हत्या के पीछे की वजह का भी पता लगाने में जुटी है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.
 

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement