scorecardresearch
 

पटना एनकाउंटर के बाद अस्पताल में बवाल, मृतकों के परिजनों ने युवक को पीटा, ASP समेत 3 पुलिसकर्मी घायल

पटना में मनेर एनकाउंटर में मारे गए तीन अपराधियों के शव पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाए गए थे. इसी दौरान मृतकों के परिजनों ने एक युवक पर आरोप लगाया कि वह एक अपराधी को घर से बुलाकर ले गया था. इसके बाद परिजनों ने युवक की पिटाई शुरू कर दी. उसे बचाने पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट हुई.

Advertisement
X
पटना में एनकाउंटर के बाद अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ. (Photo-ITG)
पटना में एनकाउंटर के बाद अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ. (Photo-ITG)

बिहार के पटना में तीन अपराधियों के एनकाउंटर के बाद अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ.  दरअसल, मनेर में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए तीनों अपराधियों के शव पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाए गए थे. इसी दौरान एक युवक अस्पताल पहुंचा. मृतकों के परिजनों ने उस पर आरोप लगाया कि वही तीनों में से एक अपराधी को घर से बुलाकर ले गया था. इसके बाद परिजनों ने युवक की पिटाई शुरू कर दी. बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर भी हमला हुआ. इस घटना में दानापुर के ASP अजीत कुमार समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए. घटना का वीडियो भी सामने आया है. 

युवक को देखते ही भड़क गए मृतकों के परिजन

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. इसमें तीन अपराधियों की मौत हो गई थी. उनके शव पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाए गए थे. इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा. मृतकों के परिजनों ने उसे देखते ही हंगामा शुरू कर दिया.

परिजनों का आरोप था कि युवक ही तीनों में से एक अपराधी को उसके घर से बुलाकर ले गया था. इसके बाद उसकी हत्या हो गई. इसी बात को लेकर अस्पताल में विवाद बढ़ गया. परिजनों ने युवक को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया. देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई.

बीच-बचाव करने पहुंचे ASP समेत 3 पुलिसकर्मी घायल

अस्पताल में हंगामे की सूचना पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. उन्होंने युवक को परिजनों से बचाने की कोशिश की. इसी दौरान पुलिस और वहां मौजूद लोगों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होने लगी. इस घटना में दानापुर के ASP अजीत कुमार के चेहरे पर चोट लगी. उनके मुंह से खून निकलने लगा. एक महिला सिपाही के सिर में भी चोट आई. वहीं, एक दरोगा भी सिर में घायल हो गए. तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.

Advertisement

गंगा किनारे हुई थी पुलिस और अपराधियों में मुठभेड़

दरअसल, शुक्रवार देर रात पटना के मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. पुलिस और STF को सूचना मिली थी कि 6 से ज्यादा अपराधी गंगा नदी किनारे किसी बड़ी वारदात की फिराक में जुटे हैं. इसके बाद पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की. इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी.

गोलीबारी में मनेर थानाध्यक्ष के हाथ में गोली लग गई. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. दोनों ओर से 40 से ज्यादा राउंड गोलियां चलीं. पटना के SSP कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने 18 राउंड और अपराधियों ने करीब 24 से 25 राउंड फायरिंग की. इस मुठभेड़ में तीन अपराधियों की मौत हो गई.

यह भी पढ़ें: पटना में गंगा किनारे एनकाउंटर, 40 राउंड फायरिंग में 3 अपराधी ढेर, SHO को लगी गोली

तीनों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड

मारे गए अपराधियों की पहचान जयप्रकाश यादव, बब्लू यादव और राजा कुमार उर्फ सूरज के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, तीनों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड था. जयप्रकाश यादव के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम समेत कई मामले दर्ज थे. वहीं, राजा कुमार और बब्लू यादव के खिलाफ भी हत्या, लूट, मारपीट और हथियार रखने से जुड़े मामले दर्ज थे. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, तीनों कुछ मामलों में वांछित भी थे.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, तीनों की हाल ही में मनेर में अष्टमी के दिन हुई हत्या के मामले में भी तलाश थी. मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से दो पिस्टल, एक देसी कट्टा और गोलियां बरामद की गई थीं. वहीं, कुछ अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे. पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement