scorecardresearch
 

भारत-NZ दूसरे वनडे पर बारिश का 'अटैक', मैच से पहले ही बिगड़ा मौसम का मिजाज

भारत और न्यूजीलैंड के बीच शनिवार को वेलिंगटन में होने वाले दूसरे वनडे पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है. शुक्रवार को लगातार बारिश के कारण टीम इंडिया को अभ्यास रद्द करना पड़ा, जबकि शनिवार को भी बारिश की 55 से 60 फीसदी आशंका है.

Advertisement
X
वेलिंगटन में दूसरा वनडे खेला जाना है. (Photo: X)
वेलिंगटन में दूसरा वनडे खेला जाना है. (Photo: X)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच शनिवार (7 नवंबर) को वेलिंगटन में होने वाले दूसरे वनडे मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है. सीरीज के पहले मैच में भी मौसम ने खलल डाला था और अब लगातार दूसरे मुकाबले में बारिश खेल बिगाड़ सकती है. मौसम के बदले मिजाज का असर मैच से एक दिन पहले ही दोनों टीमों की तैयारियों पर दिखने लगा है.

शुक्रवार को वेलिंगटन में दिन के पहले हिस्से में हल्की लेकिन लगातार बारिश होती रही. इसके चलते दोनों टीमों को अपने अभ्यास कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा. दोनों टीमों को मैच के वेन्यू हेनरी स्टेडियम की बजाय बेसिन रिजर्व में अभ्यास करना था. हालांकि, बारिश के कारण न्यूजीलैंड ने अपना अभ्यास सत्र वेलिंगटन कॉलेज की इनडोर सुविधा में शिफ्ट कर दिया, जबकि भारतीय टीम ने प्रैक्टिस सेशन ही रद्द कर दिया.

मैच के दिन भी बारिश की आशंका

शनिवार को भी मौसम से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. AccuWeather के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिन के पहले हिस्से में बारिश की 60 फीसदी संभावना है, जबकि दूसरे हिस्से में यह आशंका 55 फीसदी है. ऐसे में मुकाबले के दौरान बारिश के कारण खेल रुकने की नौबत आ सकती है.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के बिना बिहार बेहाल... कप्तान बदलने पर भी नहीं थमा हार का सिलसिला, रणजी ट्रॉफी में कैसे बदलेगी तस्वीर

Advertisement

भारत और न्यूजीलैंड के बीच ऑकलैंड में खेला गया सीरीज का पहला वनडे भी बारिश से प्रभावित रहा था. मुकाबले की शुरुआत ही 10 मिनट की देरी से हुई थी. इसके बाद भारतीय पारी के दौरान दो बार बारिश आई. करीब एक घंटे 40 मिनट तक खेल प्रभावित रहने के कारण भारत के लक्ष्य में बदलाव करना पड़ा. टीम इंडिया को पहले 50 ओवरों में 186 रनों का लक्ष्य मिला था, लेकिन बारिश के बाद उसे 32 ओवरों में 143 रनों का संशोधित लक्ष्य दिया गया.
यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड की छोटी बाउंड्री, कम रिएक्शन टाइम... फिर भी कोहली-रोहित कैसे पड़ते हैं भारी? फील्डिंग कोच ने खोला राज

भारतीय टीम ने विराट कोहली की शानदार बल्लेबाजी के दम पर पांच विकेट से जीत दर्ज की थी. कोहली ने 51 गेंदों पर 74 रनों की पारी खेली थी. वहीं, गेंदबाजी में अंशुल कंबोज ने 10 ओवरों में 22 रन देकर दो विकेट हासिल किए थे. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था.

सीरीज में 1-0 से आगे है भारत

पहला मुकाबला जीतकर भारतीय टीम तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 से आगे है. न्यूजीलैंड की कोशिश वेलिंगटन में जीत के साथ सीरीज बराबर करने की होगी. हालांकि, उसके सामने मौसम की चुनौती भी रहेगी. दूसरे वनडे के बाद सीरीज का तीसरा मुकाबला 10 नवंबर को हैमिल्टन में खेला जाएगा. इसके बाद 13 और 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई में चौथा और पांचवां वनडे होगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement