कटिहार जिले के कुरसेला प्रखंड स्थित हाट बाजार की मंडी में 15 फरवरी को भीषण अग्निकांड हुआ था. इस हादसे में करीब 500 छोटे-बड़े दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गईं. इस आगजनी में व्यवसायियों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है.
इस त्रासदी के बाद पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पीड़ित दुकानदारों और परिवारों के बीच पहुंचे. उन्होंने इस दुख की घड़ी में करीब 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद की. पप्पू यादव ने अग्नि पीड़ितों को बंद लिफाफे में 10 हजार रुपये का चेक दिया और छोटे दुकानदारों को 5 हजार रुपये की नगद सहायता बांटी.
पीड़ित दुकानदारों के बीच पहुंचे सांसद पप्पू यादव
पप्पू यादव ने कहा कि यह मदद उनके जान-पहचान के लोगों और दुबई में बैठे परिचितों के सहयोग से जुटाई गई है. उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी थी कि वह पीड़ितों की मदद करे, लेकिन जो काम सरकार को करना चाहिए, वह हम कर रहे हैं.
उन्होंने सरकार से मांग की कि गरीब दुकानदारों से बैंक की ईएमआई पांच से छह महीने तक न ली जाए, ताकि वे फिर से अपनी जिंदगी शुरू कर सकें. पप्पू यादव ने यह भी कहा कि कुछ एमएलसी और विधायक इस पर राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने अपील की कि गरीबों के दुख में राजनीति नहीं होनी चाहिए.
बैंक ईएमआई राहत और प्रधानमंत्री आवास योजना की मांग उठाई
उन्होंने जिला प्रशासन से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पीड़ितों को जल्द पक्के घर और दुकान के रूप में सहायता देने की मांग की. सांसद ने कहा कि सीमांचल और कोसी उनकी जिंदगी है और ऐसे संकट में बेटे की तरह फर्ज निभाना उनका दायित्व है.