बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार कल दिल्ली रवाना हो सकते हैं. उनके इस दिल्ली दौरे की सबसे बड़ी चर्चा उनके रहने के नए ठिकाने और उनकी सुरक्षा को लेकर हो रही है. दिल्ली में अब नीतीश कुमार का सरकारी पता बदल गया है, उन्हें सुनहरी बाग स्थित बंगला नंबर 9 आवंटित किया गया है. यह कोई साधारण घर नहीं है, बल्कि 'टाइप-8' कैटेगरी का एक बेहद आलीशान बंगला है, जिसमें तमाम आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं. इसके साथ ही, अब दिल्ली में नीतीश कुमार की सुरक्षा का जिम्मा CRPF के हाथों में होगा, जो उन्हें Z प्लस कैटेगरी की सुरक्षा कवर देगी.
नीतीश कुमार का यह दिल्ली दौरा काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि वे वहां संसद के विशेष सत्र की कार्यवाही में शामिल हो सकते हैं. लेकिन दिल्ली पहुंचने से पहले ही राजधानी में उनके लिए जिस तरह के खास इंतजाम किए गए हैं, वे उनके सियासी दबदबे की कहानी खुद-ब-खुद बयां कर रहे हैं. उन्हें सुनहरी बाग स्थित बंगला नंबर 9 आवंटित किया गया है, जो टाइप-8 कैटेगरी का एक आलीशान आवास है और इसमें हर तरह की हाई-प्रोफाइल सुविधाएं मौजूद हैं.
अब बात करते हैं उनकी सुरक्षा की, जो इतनी कड़ी होगी कि परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा. सुरक्षा की 'येलो बुक' और 'ब्लू बुक' के कड़े नियमों के मुताबिक, नीतीश कुमार के चारों तरफ अब 58 जांबाज कमांडो तैनात रहेंगे. यह Z प्लस सिक्योरिटी का ऐसा घेरा है जिसे भेदना नामुमकिन है. इसमें 10 सशस्त्र स्थायी गार्ड उनके आवास पर मुस्तैद रहेंगे, जबकि 6 पीएसओ (PSO) चौबीसों घंटे उनके साये की तरह साथ चलेंगे. इतना ही नहीं, सुरक्षा के लिए 24 जवान हमेशा दो एस्कॉर्ट गाड़ियों में उनके काफिले के साथ राउंड द क्लॉक ड्यूटी पर रहेंगे.
इतना ही नहीं, सुरक्षा के इस बड़े तामझाम की निगरानी के लिए एक इंस्पेक्टर या सब-इस्पेक्टर स्तर के अधिकारी को इंचार्ज बनाया गया है. आवास पर आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच और स्क्रीनिंग के लिए 6 कर्मियों की विशेष टीम तैनात रहेगी, जबकि 5 वॉचर्स दो अलग-अलग शिफ्टों में हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे. साथ ही, उनके वाहनों के बेड़े के लिए 6 प्रशिक्षित ड्राइवर 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहेंगे. कुल मिलाकर, दिल्ली में नीतीश कुमार के लिए रहने से लेकर सुरक्षा तक के सभी इंतजामों को अंतिम रूप दे दिया गया है.