बिहार के खगड़िया जिले में एक प्रेम विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. मड़ैया सहायक थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव में युवक बॉबी कुमार की हत्या कर दी गई. आरोप है कि यह हत्या उसके ही दोस्त राजा कुमार और उसके परिजनों ने की है.
जानकारी के अनुसार, आज दिनदहाड़े जब बॉबी कुमार अपने घर से मड़ैया बाजार के लिए निकला, तभी रास्ते में पूर्व से घात लगाए आरोपियों ने ताबड़तोड़ तीन गोलियां बरसा दीं. गोली लगने के तुरंत बाद बॉबी कुमार की मौके पर ही मौत हो गई.
दिनदहाड़े युवक को मारी गोलियां
मृतक के परिजनों ने राजा कुमार और उसके भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया है. मृतक के भाई नीतीश कुमार ने बताया कि राजा कुमार की शादी छह साल पहले फूल कुमारी से हुई थी, लेकिन संतान न होने के कारण दोनों के बीच विवाद होते रहते थे. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों अलग हो गए.
नीतीश कुमार ने कहा कि चार साल पहले बॉबी कुमार और फूल कुमारी का प्रेम विवाह हुआ था. इसके बाद से ही राजा कुमार लगातार मेरे भाई को मारने की धमकी दे रहा था. आज पिता के बरसी के मौके पर बॉबी अपने गांव आया था.
नीतीश कुमार ने आगे बताया कि मौका पाते ही राजा कुमार ने अपने भाइयों के साथ मिलकर यह घटना अंजाम दी. मृतक दिल्ली में रहता था और विशेष अवसर पर गांव आया था.
मड़ैया सहायक थाना की थानाध्यक्ष सावित्री कुमारी ने बताया कि बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों के आवेदन मिलने के बाद केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की दिशा में कदम उठा रही है. इस हत्या ने गांव में सनसनी मचा दी है और लोग इसे प्रेम विवाह विवाद के चलते हुई गंभीर घटना बता रहे हैं.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
मृतक के परिजन और ग्रामीण घटना से गहरे सदमे में हैं. इस मामले ने यह भी उजागर किया कि प्रेम विवाह और पारिवारिक विवाद कभी-कभी जानलेवा हो सकते हैं. पुलिस की कार्रवाई पर अब सभी की नजर है. बॉबी कुमार की हत्या ने खगड़िया जिले में कानून-व्यवस्था और सामाजिक विवादों की गंभीरता को फिर से सामने ला दिया है.