बिहार के हाजीपुर में हत्या और आत्महत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. भगवानपुर थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ा यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. घटना में प्रेमी पंकज कुमार की मौके पर मौत हो गई, जबकि प्रेमिका गंगा कुमारी गंभीर रूप से घायल है और जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है. घायल युवती को इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार, पंकज कुमार पिछले 12 वर्षों से गंगा कुमारी से प्रेम करता था. इसी बीच परिवार वालों ने युवती की शादी अगले महीने कहीं और तय कर दी थी. शादी तय होने की खबर मिलने के बाद प्रेमी ने कथित तौर पर खौफनाक कदम उठाया.
यह भी पढ़ें: हाजीपुर में दवा दुकानदार से 1 लाख की लूट, थाने से सिर्फ 300 मीटर दूर वारदात को दिया अंजाम
बताया जा रहा है कि पंकज युवती के घर पहुंचा और उसे गोली मार दी. इसके बाद वह बगीचे में गया और खुद को सिर में गोली मार ली. इस घटना में युवती को पीठ में दो गोलियां लगीं, जबकि युवक को एक गोली सीने में और दूसरी सिर में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
हथियार नहीं मिलने से बढ़ा सस्पेंस
घटनास्थल से पुलिस को हथियार बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अगर युवक ने खुद को गोली मारी, तो हथियार घटनास्थल पर क्यों नहीं मिला. इस सवाल ने जांच को और जटिल बना दिया है.
मृतक पंकज के पिता फेकन सहनी ने आरोप लगाया है कि लड़की के पिता ने दोनों को गोली मारी है. उनका कहना है कि दोनों लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते थे और परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था.
वहीं, घायल युवती गंगा कुमारी के पिता उपेंद्र सहनी का कहना है कि युवक लूट की नीयत से घर पहुंचा था. उन्होंने बताया कि बेटी की शादी अगले महीने तय थी और इसके लिए 4 लाख रुपये का इंतजाम किया गया था. उनके अनुसार युवक को इस बात की जानकारी थी और वह लूट के इरादे से घर आया था.
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने पर वैशाली जिले के पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और युवती की शादी तय होने से युवक नाराज था. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यदि युवक लूट की नीयत से घर गया था तो उसने खुद को गोली क्यों मारी. वहीं यदि उसने आत्महत्या की, तो हथियार कहां गया. इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों की जांच कर रही है.
घायल युवती का चल रहा इलाज
घायल गंगा कुमारी का इलाज पटना के पीएमसीएच अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने का प्रयास कर रही है.
यह घटना पूरे इलाके में सनसनी का कारण बनी हुई है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)