बिहार के बेतिया में जयमाल से कुछ मिनट पहले दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई. परिजन तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भागे, लेकिन डॉक्टर दूल्हे को बचा नहीं सके. जिस मंडप में कुछ देर बाद शहनाई बजनी थी, वहां चीख-पुकार गूंजने लगी. बाराती वापस लौट गए और दोनों परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं.
मझौलिया प्रखंड के सरिसवा बाजार में स्थित भरवलिया वार्ड 6 में रहने वाले 25 साल के शक्तिनाथ शर्मा की शादी पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा में तय हुई थी. गुरुवार रात राम-जानकी मंदिर में विवाह समारोह चल रहा था. बारात पहुंच चुकी थी, स्वागत हो चुका था और जयमाला की तैयारियां थीं.

इसी बीच शक्तिनाथ ने अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत की. शुरुआत में परिजनों को लगा कि शायद सामान्य तकलीफ होगी, लेकिन कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी. परिवार वाले तुरंत उसे इलाज के लिए रक्सौल स्थित एसआरपी अस्पताल लेकर पहुंचे.
यह भी पढ़ें: 'सुहागरात पर देर रात तक तो वो सिर्फ मुझसे बातें करते रहे..' 75 साल के दूल्हे की मौत की कहानी पत्नी की जुबानी
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल की ओर से डेथ सर्टीफिकेट भी जारी कर दिया गया. जैसे ही यह खबर विवाह स्थल पर पहुंची, वहां मौजूद लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई. जिस मंडप में कुछ देर पहले शादी के गीत बज रहे थे, वहां मातम छा गया. दुल्हन पक्ष और दूल्हे पक्ष के लोग फूट-फूटकर रोने लगे. बारात में शामिल होने पहुंचे लोग वापस लौट गए.
शुक्रवार सुबह जब शक्तिनाथ शर्मा का शव उसके पैतृक गांव भरवलिया पहुंचा तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गईं. कुछ लोग इसे अंधविश्वास से जोड़कर देख रहे हैं और ओझा-गुनी जैसी बातों का जिक्र कर रहे हैं. मौत के कारणों को लेकर अभी अस्पताल की ओर से कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.