scorecardresearch
 

महज एक सप्ताह में ही टूट गई हैंडल, फट गया टायर, गोपालगंज के सोनी को दी गई ट्राइसाइकिल का वीडियो वायरल

बिहार के गोपालगंज की दिव्यांग छात्रा सोनी कुमारी का संघर्ष सामने आने के बाद प्रशासन ने उसे ट्राइसाइकिल दी, लेकिन वह कुछ ही दिनों में खराब हो गई. टूटी ट्राइसाइकिल का वीडियो वायरल होने पर लोगों में नाराजगी है. पवन कुमार सिन्हा ने कहा कि सोनी को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है और उम्र 18 साल से कम होने के कारण बैटरी ट्राइसाइकिल नहीं दी जा सकती. वहीं, 15 साल की उम्र में क्लास 1 में एडमिशन पर भी उन्होंने चिंता जताई.

Advertisement
X
जिस ट्राइसाइकिल को गोपालगंज जिला प्रशासन ने दी थी वह तीन से चार दिन में ही डैमेज हो गई. Photo ITG
जिस ट्राइसाइकिल को गोपालगंज जिला प्रशासन ने दी थी वह तीन से चार दिन में ही डैमेज हो गई. Photo ITG

बिहार के गोपालगंज जिले के रामनगर गांव की दिव्यांग छात्रा सोनी कुमारी डॉक्टर बनने का सपना लिए रोज दो किलोमीटर पैदल जाती थी. सोशल मीडिया पर बच्ची का वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर ने तत्काल गोपालगंज के डीएम पवन कुमार सिन्हा से बात कर तत्काल मदद करने की बात कही. डीएम के आदेश के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार ने बच्ची को ट्राइसाइकिल तो दी पर टूटी, सेकेंड हैंड जैसी. बच्ची के साथ ऐसा मजाक देख अब लोग भी गुस्से में हैं, क्योंकि टूटी ट्राइसाइकिल की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.

गोपालगंज की ये कहानी उन दूसरे बच्चों के लिए किसी प्रेरणा से कम नहीं जो अच्छे संसाधन होने के बावजूद स्कूल जाने से कतराते हैं. गोपालगंज की इस 15 साल की मासूम बच्ची की पढ़ाई के प्रति ललक और स्कूल जाने का संघर्ष हर किसी को हैरान कर देगा. हम बात कर रहे हैं उसी मासूम बच्ची की जो दोनों पैरों से दिव्यांग है, हाल ही में उसका सोशल मीडिया पर स्कूल जाता वीडियो खूब वायरल हुआ था. 15 साल की सोनी कुमारी गोपालगंज के भोरे प्रखंड के रामनगर गांव की रहने वाली है. सोनी के पिता नंदकिशोर राम की जन्म के बाद ही मौत हो गई थी. सोनी कुमारी की मां गुलाइची देवी मजदूरी कर बचपन से अपनी दिव्यांग बेटी का पालन पोषण कर रही है.

टूटी हुई ट्राइसाइकिल का वीडियो वायरल
गोपालगंज जिला प्रशासन ने दिव्यांग सोनी कुमारी को आनन-फानन में ट्राइसाइकिल भी भेंट कर दी. जिला प्रशासन की ओर से ट्राइसाइकिल भेंट करने की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर भी की गई. इस दौरान मदद के साथ तत्काल ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के बाद प्रशासन ने खूब वाहवाही भी लूटी, लेकिन अब जिला प्रशासन की यही मदद उसके लिए गले की फांस बन गई है.

Advertisement

ऐसी ट्राइसाइकिल का क्या करेगी सोनी?
दरअसल सोनी कुमारी का अब एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि जिस ट्राइसाइकिल को गोपालगंज जिला प्रशासन ने दी थी वह तीन से चार दिन में ही डैमेज हो गई, यानी कि वह अब इस्तेमाल करने के लायक नहीं है. उसके टायर पुराने थे जो फटने लगे हैं. उसमें हवा भरकर चलाना संभव नहीं है. इस साइकिल का हैंडल भी टूट चुका है. जिला प्रशासन की ऐसी मदद के बाद परिवार में मायूसी का माहौल है.

पूरे मामले में डीएम ने कही ये बात
इस मामले पर गोपालगंज के डीएम पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि सोनी के परिवार को सभी योजनाओं का लाभ मिल रहा है. सोनी सरकारी विद्यालय में पांचवी पास थी, लेकिन राइट टू एजुकेशन का लाभ लेकर प्राइवेट स्कूल में क्लास 1 में एडमिट हुई है. उसकी उम्र 15 साल है. उसके तीन प्रमाण पत्रों में अलग-अलग उम्र है. मिलाजुलाकर 15 साल की उम्र में क्लास वन में एडमिशन लेना चिंता का विषय है. वही उन्होंने ट्राइसाइकिल का वीडियो वायरल होने के सवाल पर कहा कि यह कोई समस्या नही है, अभी उसकी उम्र 18 साल नहीं है, जिसकी वजह से हम उसे बैटरी से संचालित ट्राइसाइकिल नहीं दे सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement