scorecardresearch
 

राहगीर की बुलेट लेकर फरार होने वाले फर्जी दारोगा की तलाश में जुटी पुलिस

बिहार के दरभंगा में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक फर्जी दारोगा ने ट्रैफिक के बीच वाहन चेकिंग शुरू कर दी. एक बुलेट सवार को रोका और झांसा देकर उसकी बाइक लेकर फरार हो गया. यह घटना दरभंगा यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र की है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस अब आरोपी की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

Advertisement
X
पीड़ित से पूछताछ करती पुलिस.
पीड़ित से पूछताछ करती पुलिस.

बिहार के दरभंगा में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक फर्जी दारोगा ट्रैफिक जाम के बीच वाहनों की चेकिंग करने लगा. इस दौरान उसने एक बुलेट सवार को रोका और चेकिंग का बहाना बनाया. इस दौरान फर्जी दारोगा उसकी बाइक लेकर फरार हो गया. घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से मामले की शिकायत की. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, यह घटना दरभंगा यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र के बाघ मोड़ के पास की है. पीड़ित बुलेट मालिक अमर यादव अपने स्टाफ केशव यादव के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहे थे. इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहनकर आया और खुद को दारोगा उदय पासवान बताते हुए बुलेट की चाबी निकाल ली.

फर्जी दारोगा ने बुलेट बाइक के कागजात के साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस की मांग की, जो उस समय अमर यादव के पास नहीं थे. इस दौरान अमर यादव लाइसेंस लाने के लिए चले गए, जबकि फर्जी दारोगा ने केशव को बाइक पर बैठाकर थाने चलने की बात कही.

फर्जी दारोगा बनकर वाहनों की कर रहा था चेकिंग, शख्स की बुलेट बाइक लेकर हो गया फरार
सीसीटीवी में हेलमेट पहने दिखा आरोपी.

यह भी पढ़ें: पुलिस की वर्दी पहन राखी बंधवाने निकला फर्जी दारोगा, रास्ते में करने लगा वसूली तो पहुंचा जेल

रास्ते में फर्जी दारोगा दवा लेने के बहाने एक मेडिकल स्टोर पर रुका. दवा लेने के बाद उसने केशव यादव से कहा कि डायल 112 की पुलिस गाड़ी आ रही है, तुम उसके साथ थाने आओ. इसके बाद वह बुलेट बाइक लेकर फरार हो गया. कुछ देर बाद जब कोई पुलिस गाड़ी नहीं आई, तो केशव यादव को ठगी का एहसास हुआ.

Advertisement

घटना के बाद दरभंगा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें फर्जी दारोगा बाइक के साथ दिख रहा है. हालांकि उसने हेलमेट पहना हुआ था. पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और जल्द ही गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है.

दरभंगा सदर के SDPO अमित कुमार ने कहा कि फर्जी दारोगा की तलाश की जा रही है. आरोपी ने खुद को उदय पासवान बताया था, जबकि इस नाम का कोई पुलिस अधिकारी थाने में तैनात नहीं है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement