बिहार में शराबबंदी के बीच दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) के इमरजेंसी बिल्डिंग के पास कथित शराब पार्टी का CCTV वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है. वीडियो में तीन महिलाओं और पुरुषों को शराब का सेवन करते हुए देखा जा सकता है. दावा किया जा रहा है कि शराब पार्टी में शामिल लोग अस्पताल के कर्मचारी हैं. मामला सामने आने के बाद दरभंगा के SSP जगुनाथ रेड्डी के निर्देश पर बेंता थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है.
वायरल वीडियो DMCH के इमरजेंसी विभाग के नए बिल्डिंग में सीढ़ियों से सटे बरामदे का बताया जा रहा है. CCTV फुटेज में शुरुआत में दो महिलाएं कोल्ड ड्रिंक और खाने-पीने का सामान लेकर बैठी दिखाई देती हैं, जबकि तीसरी महिला सीढ़ियों के पास खड़ी नजर आती है. इसके बाद तीन पुरुष भी वहां पहुंचते हैं. वीडियो में एक पुरुष कथित तौर पर छिपाकर अपने पास से शराब निकालकर एक महिला को देता दिखाई देता है. इसके बाद महिला पैग बनाती है और तीन महिलाओं के साथ एक पुरुष शराब पीता नजर आता है.
यह भी पढ़ें: दरभंगा में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 6.50 लाख की विदेशी शराब बरामद, 2 तस्कर फरार
वीडियो में शराब का सेवन करते दिख रहे एक पुरुष के गले में DMCH लिखा हुआ आईडी कार्ड का फीता भी दिखाई देता है. इसी आधार पर पार्टी में शामिल लोगों के अस्पताल कर्मचारी होने का दावा किया जा रहा है. हालांकि, उनकी पहचान, पद और कथित शराब पार्टी में उनकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. वायरल CCTV फुटेज पर दिखाई दे रही तारीख 9 जून बताई जा रही है. इस वीडियो के सामने आने के बाद अस्पताल परिसर की सुरक्षा और कार्यस्थल पर कथित शराब सेवन को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
देखें वीडियो...
SSP के निर्देश पर FIR, पुलिस ने शुरू की जांच
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दरभंगा के SSP जगुनाथ रेड्डी ने मामले का संज्ञान लिया और बेंता थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद पुलिस ने वायरल वीडियो की शुरुआती जांच की और प्राथमिकी दर्ज कर ली. SSP कार्यालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में तीन महिलाएं और एक पुरुष DMCH के इमरजेंसी अस्पताल के नए बिल्डिंग में सीढ़ियों से सटे बरामदे में शराब का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं.
वीडियो की जांच के बाद बेंता थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में दिखाई दे रहे लोग कौन हैं और कथित घटना में उनकी क्या भूमिका थी. इसके लिए अस्पताल परिसर की पूरी CCTV फुटेज हासिल कर उसकी जांच की जाएगी.
पूरी CCTV फुटेज से होगी पहचान, आगे की कार्रवाई करेगी पुलिस
दरभंगा सदर के SDPO राजीव कुमार ने भी मामले की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि वायरल CCTV वीडियो में तीन-चार लोग शराब का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं, जिनमें महिलाएं और पुरुष शामिल हैं. बताया जा रहा है कि ये लोग अस्पताल के कर्मचारी हैं, लेकिन उनकी पहचान और पद के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं है.
SDPO के मुताबिक, पुलिस ने वायरल वीडियो देखा है. अब अस्पताल की बाकी CCTV फुटेज प्राप्त कर पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी. इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि कथित पार्टी में कुल कितने लोग शामिल थे और उनकी पहचान क्या है. उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों की पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद सरकारी अस्पताल के इमरजेंसी बिल्डिंग के पास कथित शराब पार्टी का वीडियो सामने आने से गंभीर सवाल खड़े हुए हैं. अब पुलिस की जांच से स्पष्ट होगा कि वीडियो में दिख रहे लोग कौन हैं, घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी भूमिका थी.