बिहार के बेगूसराय में सोशल मीडिया पर पत्नी की तस्वीर लगाने से मना करने पर पड़ोसी ने पति-पत्नी को गोली मारकर घायल कर दिया. वारदात बखरी थाना क्षेत्र के मौजी थान सिंह गांव की है. घायल दंपति को इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी जितेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है.
घायल महिला की पहचान करिश्मा पासवान के रूप में हुई है, जबकि उसके पति का नाम छोटू महतो बताया गया है. करिश्मा बखरी थाना क्षेत्र के मौजी हरि सिंह गांव की रहने वाली है और उसने साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के रहने वाले छोटू से प्रेम प्रसंग के बाद शादी की थी. 3 अक्टूबर को वह अपने पति के साथ मायके गई थी.
यह भी पढ़ें: पुलिस की गाड़ी से कूदा, भागने के दौरान टूटा पैर... अब प्लास्टर लगाकर कोर्ट पहुंचा बेगूसराय होटल कांड का आरोपी
बताया गया है कि रात में करिश्मा और छोटू घर में सो रहे थे. इसी दौरान करीब दो बजे पड़ोसी जितेंद्र यादव अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा. दोनों ने घर में घुसकर पति-पत्नी पर गोली चला दी. फायरिंग में करिश्मा और छोटू दोनों जख्मी हो गए. वारदात के बाद घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया.
छह महीने पहले शुरू हुआ था फोटो को लेकर विवाद
करिश्मा ने बताया कि करीब छह महीने पहले जितेंद्र यादव ने उसकी तस्वीर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लगाई थी. उसके पति ने इसका विरोध किया था. इसी बात को लेकर जितेंद्र नाराज हो गया था. हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था. इसके बावजूद पुरानी रंजिश खत्म नहीं हुई और 3 अक्टूबर की रात इस घटना को अंजाम दिया गया.
करिश्मा के पति छोटू ने बताया कि वह और उसकी पत्नी घर में सो रहे थे, तभी जितेंद्र अपने साथी के साथ वहां पहुंचा. दोनों ने गोली चला दी. छोटू की सास ने भी बताया कि फेसबुक पर तस्वीर लगाने से मना करने के कारण विवाद हुआ था और इसी वजह से जितेंद्र ने अपने साथी के साथ मिलकर दोनों को निशाना बनाया.
छोटू ने बताया कि करिश्मा उसकी दूर की रिश्तेदार लगती है. दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी और इसी दौरान प्रेम हो गया. इसके बाद दोनों ने शादी कर ली थी. घटना के वक्त करिश्मा अपने पति के साथ मायके आई हुई थी.
ऑपरेशन कर महिला के शरीर से निकाली गई गोली
सदर अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि रविवार सुबह करीब 8 बजे गोली लगने से घायल महिला को अस्पताल लाया गया था. डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसके शरीर से गोली निकाल दी है. फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. पति का भी इलाज अस्पताल में चल रहा है.
बेगूसराय के एसपी मनीष ने बताया कि बखरी थाना पुलिस को रविवार सुबह सूचना मिली थी कि पति-पत्नी को गोली मारकर घायल कर दिया गया है. शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी जितेंद्र यादव ने महिला की तस्वीर सोशल मीडिया पर लगाई थी, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था. इसी रंजिश में गोली मारने की बात सामने आई है.
एसपी के मुताबिक, घटना की जांच के लिए एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है. पुलिस ने मुख्य आरोपी जितेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके सहयोगी की तलाश की जा रही है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.