scorecardresearch
 

'मां ने आत्महत्या नहीं की...' बेटियां 5 साल तक यही कहती रहीं, किसी ने नहीं सुनी... फिर हाईकोर्ट ने फाइल खुलवाई और कहानी बदल गई

बिहार के बेगूसराय में साल 2021 में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की वार्डन रिंकू कुमारी की मौत को पुलिस ने आत्महत्या मानकर केस बंद कर दिया था. लेकिन बेटियों के पांच साल के संघर्ष और हाईकोर्ट के आदेश पर हुई दोबारा जांच में कहानी पूरी तरह बदल गई. एसआईटी ने खुलासा किया कि वार्डन की गला दबाकर हत्या की गई थी और शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप दिया गया. इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

Advertisement
X
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की वार्डन की हुई थी हत्या. (File Photo: ITG)
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की वार्डन की हुई थी हत्या. (File Photo: ITG)

4 अप्रैल 2021... बेगूसराय के एक कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय से खबर आई कि वार्डन रिंकू कुमारी ने आत्महत्या कर ली है. पुलिस पहुंची, पोस्टमार्टम हुआ और जांच उसी दिशा में आगे बढ़ी. कुछ समय बाद केस बंद हो गया. लेकिन तीन बेटियां थीं, जिन्हें पुलिस की इस कहानी पर कभी भरोसा नहीं हुआ. वे लगातार कहती रहीं कि हमारी मां आत्महत्या कर ही नहीं सकती. उनकी हत्या हुई है.

पांच साल तक उन्होंने थानों के चक्कर लगाए, अधिकारियों को आवेदन दिए, अदालत का दरवाजा खटखटाया. जब कहीं सुनवाई नहीं हुई तो मामला हाईकोर्ट पहुंचा. और यहीं से इस कहानी ने नया मोड़ लिया.

हाईकोर्ट ने शुरुआती जांच में कई विसंगतियां पाईं और अप्रैल 2026 में दोबारा जांच के आदेश दिए. इसके बाद मगध रेंज के आईजी विकास वैभव की निगरानी में एसआईटी का गठन हुआ. टीम ने 13 जुलाई से नए सिरे से जांच शुरू की. जांच में जो सामने आया, उसने पांच साल पुरानी पूरी कहानी बदल दी.

begusarai kasturba school warden murder case solved after high court ordered

आईजी विकास वैभव ने बताया कि फॉरेंसिक रिपोर्ट, मेडिकल राय, पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर से पूछताछ, घटनास्थल की तस्वीरों और दूसरे तकनीकी सबूतों का मिलान करने पर पता चला कि रिंकू कुमारी ने आत्महत्या नहीं की थी. एसआईटी के अनुसार, पहले उनका गला दबाकर हत्या की गई और बाद में शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई.

Advertisement

जांच में यह भी सामने आया कि मृतका का अपने गांव के रहने वाले कौशल कुमार से पैसों का लेन-देन था. पुलिस के मुताबिक, कौशल ने रिंकू कुमारी से जमीन के नाम पर करीब 15 लाख रुपये लिए थे. आरोप है कि जब रिंकू कुमारी पैसे वापस मांगने लगीं तो कौशल ने स्कूल के केयरटेकर (गार्ड) अजीत कुमार बबलू के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची.

एसआईटी ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, घटना के समय स्कूल का सीसीटीवी भी बंद था. जांच में ऐसे कई साक्ष्य मिले हैं, जिनसे आरोपियों की कथित मौजूदगी घटनास्थल के आसपास होने की बात सामने आई है. मामले में जांच अभी भी जारी है.

यह भी पढ़ें: हनीमून पर पति की हत्या करने वाली सोनम रघुवंशी ने किया सरेंडर... सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी के बाद फिर पहुंची जेल

इस पूरे मामले में आईजी विकास वैभव ने तत्कालीन जांच अधिकारी की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में फॉरेंसिक टीम की राय पर ध्यान नहीं दिया गया और कई जरूरी पहलुओं की अनदेखी की गई. अब इस बात की भी जांच की जा रही है कि जांच में इतनी बड़ी लापरवाही क्यों हुई और इसके पीछे क्या वजह थी.

begusarai kasturba school warden murder case solved after high court ordered

उधर, रिंकू कुमारी की बड़ी बेटी तेजस्विनी कहती हैं कि जिस दिन उनकी मां की मौत हुई, उसी दिन उन्हें शक हो गया था कि यह आत्महत्या नहीं, हत्या है. उनके मुताबिक, जब वे स्कूल पहुंचीं तो शव की स्थिति देखकर उन्हें पुलिस की कहानी पर भरोसा नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि मां को न्याय दिलाने के लिए परिवार ने संघर्ष किया और आखिरकार हाईकोर्ट के आदेश के बाद सच सामने आया.

Advertisement

मृतका की दूसरी बेटी चेतना कुमारी का भी कहना है कि उनकी मां आत्महत्या नहीं कर सकती थीं. परिवार पिछले पांच साल से न्याय की लड़ाई लड़ रहा था और अब उन्हें उम्मीद है कि आरोपियों को सजा मिलेगी. यह मामला एक हत्या की गुत्थी सुलझने की कहानी नहीं है. यह उस सवाल की भी कहानी है कि अगर बेटियां हार मान लेतीं, तो क्या यह मामला हमेशा के लिए आत्महत्या की फाइल में बंद रह जाता?

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement