Bihar News: भोजपुर जिले के महादेव चक गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 65 वर्षीय बुजुर्ग किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
कोईलवर थाना इलाके का यह मामला है. ममृतक की पहचान महादेव चक गांव निवासी बलिराम महतो के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि जमीनी विवाद को लेकर पट्टीदारों ने इस वारदात को अंजाम दिया. बताया जा रहा है कि रविवार की रात बलिराम महतो खाना खाने के बाद रोज की तरह अपने दालान पर सोने गए थे.
परिजनों के अनुसार, देर रात कुछ लोग उन्हें वहां से उठाकर घर से करीब 300 मीटर दूर ले गए और बेरहमी से मारपीट की. सुबह जब परिवार के लोग पहुंचे तो वे गंभीर हालत में बेहोश पड़े मिले. उन्हें तत्काल इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी मौत हो गई.
मृतक के बेटे अखिलेश महतो ने पट्टीदारों पर हत्या का आरोप लगाया है. वहीं घटना की छानबीन में जुटे आरा सदर एसडीपीओ-2 रंजीत सिंह ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली कि महादेव चक गांव में एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई है.
प्रथम दृष्टया मामला जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आरोपियों को गिरफ्तार करने में जुटी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की और मामले की जांच शुरू कर दी है.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. इस घटना के बाद गांव में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है.