Jaguar Car Fire: गुजरात के खेडा जिले के नडियाद के पास अहमदाबाद-वडोदरा नेशनल हाईवे नंबर-8 पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हाइवे पर दौड़ रही एक लग्जरी जगुआर कार में अचानक आग लग गई. बीच सड़क चलती कार अचानक आग का गोला बन गई. देखते ही देखते करोड़ों की कार से आग की लपटें उठने लगीं और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया.
ये घटना नडीयाद के पीपलग APMC के पास हुई. जानकारी के मुताबिक, ये जगुआर कार आणंद से अहमदाबाद की तरफ जा रही थी, तभी अचानक चलती कार में शॉर्ट सर्किट हुआ. बताया जा रहा है कि कार की बैटरी में पहले एक जोरदार स्पार्क हुआ और पलक झपकते ही पूरी कार आग की लपटों में घिर गई. गनीमत यह रही कि कार में सवार दो लोगों ने सूझबूझ दिखाई. जैसे ही कार से धुआं निकला, दोनों तुरंत गाड़ी रोककर बाहर निकल गए और उनकी जान बाल-बाल बच गई.
इस हादसे की खबर मिलते ही नडियाद फायर ब्रिगेड की टीम, नडियाद रूरल पुलिस और 112 इमरजेंसी की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. फायर फाइटर्स ने करीब 30 मिनट की भारी मशक्कत के बाद इस लग्जरी कार में लगी भीषण आग पर काबू पाया.
हादसा इतना भयंकर था कि सुरक्षा के लिहाज से वडोदरा से अहमदाबाद जाने वाली नेशनल हाईवे नंबर-8 की लेन को कुछ देर के लिए पूरी तरह बंद करना पड़ा, जिससे हाईवे पर लंबा जाम भी लग गया. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन चलती कार में लगी इस आग ने एक बार फिर गाड़ियों की सेफ्टी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
बता दें कि, जिस कार में आग लगी है वो जगुआर की Jaguar XJ L मॉडल है. जो फिलहाल डिस्कंटीन्यू हो चुकी है. पहली बार इस कार को साल 2011 में लॉन्च किया गया था. उसके बाद साल 2016 में इसके अपडेटेड मॉडल को लॉन्च किया था. आखिरी वक्त में इस कार की कीमत 99.56 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप मॉडल के लिए 1.97 करोड़ रुपये तक दर्ज की गई थी.
ये लग्ज़री सेडान कार 2.0 लीटर का पेट्रोल इंजन और 3.0 लीटर डीजल इंजन ऑप्शन में आती थी. इसका पेट्रोल इंजन 240PS की पावर और 340Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. वहीं इसका डीजल इंजन 300PS की पावर और 700Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. इसके पेट्रोल वेरिएंट 7.9 सेकंड में और डीजल वेरिएंट 6.2 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है.