अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच फोन पर अहम बातचीत हुई. इस दौरान रूस‑यूक्रेन संघर्ष और अमेरिका‑ईरान विवाद पर भी चर्चा की गई.
क्रेमलिन के सलाहकार यूरी उशाकोव के हवाले से जानकारी सामने आई है कि दोनों नेताओं ने यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने पर विचार किया. उशाकोव के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप ने पुतिन से कहा कि यूक्रेन में चल रहे युद्ध को खत्म करना बेहद जरूरी है और वे इस संघर्ष को समाप्त करने में मदद के लिए तैयार हैं.
ट्रंप ने पुतिन को यह भी बताया कि ईरान के साथ समझौता लगभग तय है. इस पर पुतिन ने खुशी जताई कि ईरान‑अमेरिका के बीच टकराव समाप्त हो जाएगा. वहीं, खबर है कि अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर जल्द ही रूस का दौरा कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: 'भारत आइए, हमारे साथ मिलकर काम कीजिए...', फ्रांस में इन्वेस्टर्स से बोले PM मोदी
पुतिन ने जन्मदिन की दी बधाई
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बात की और उन्हें उनके 80वें जन्मदिन की बधाई दी. बताया जा रहा है कि यह कॉल करीब 55 मिनट तक चली और इसमें कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई.
ट्रंप ने कहा कि वे इस बात से काफी प्रभावित हुए कि पुतिन व्हाइट हाउस में उन्हें बधाई देने वाले पहले विदेशी नेता थे. दोनों नेताओं ने प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्दों और अमेरिका-रूस संबंधों पर चर्चा की.
ट्रंप ने दूसरे विश्व युद्ध (WWII) के दौरान अमेरिका और रूस के बीच के सहयोग को याद करते हुए कहा कि इसे भुलाया नहीं जाना चाहिए.
इजरायल का लेबनान पर हमला
रविवार को इजरायल ने लेबनान की राजधानी बेरूत पर हवाई हमला किया, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए. यह हमला ऐसे समय हुआ है जब माना जा रहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौता अंतिम चरण में पहुंच चुका है.
हमले के बाद ईरान ने कड़ी नाराजगी जताई, जिससे इस डील पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी हमले पर असंतोष व्यक्त किया है. ट्रंप ने कहा कि बेरूत पर यह हमला नहीं होना चाहिए था, खासकर तब जब अमेरिका और ईरान शांति समझौते के बेहद करीब थे.
aajtak.in