अमेरिका के रोड आइलैंड में सोमवार को एक हाई स्कूल हॉकी टूर्नामेंट के दौरान आइस रिंक में हुई गोलीबारी में संदिग्ध समेत कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी है.
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद एक महिला ने स्थानीय मीडिया आउटलेट NewsCenter 5 को बताया कि उसके पिता ही हमलावर थे और वह लंबे समय से मेंटल हेल्थ संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे. उसने कहा, 'उन्होंने मेरे परिवार को मार दिया और वह भी मर चुके हैं.' पॉटकट के मेयर कार्यालय के अनुसार, मृतकों में एक छोटी बच्ची भी शामिल हो सकती है.
बेंच के पीछे से चली गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही स्टैंड से गोलियां चलनी शुरू हुईं, परिसर में अफरा-तफरी मच गई. द पॉटकट टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, टीम बेंच के पीछे से फायरिंग की गई. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले लोग मैच देख रहे थे, लेकिन गोलियों की आवाज सुनते ही झुककर बाहर की ओर भागने लगे.
अस्पताल में भर्ती तीनों घायल
यह घटना डेनिस एम. लिंच एरीना में हुई, जो पॉटकट शहर में स्थित है और राज्य की राजधानी प्रोविडेंस से कुछ मील दूर है. स्थानीय मीडिया आउटलेट WJAR के मुताबिक, फायरिंग दोपहर करीब 2:30 बजे (स्थानीय समयानुसार) हुई. पॉटकट पुलिस प्रमुख टीना गोंकाल्वेस ने बताया कि तीन अन्य घायलों की हालत गंभीर है और वे अस्पताल में भर्ती हैं. उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में यह घटना पारिवारिक विवाद से जुड़ी लग रही है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो
सोशल मीडिया पर सामने आए एक अन्य वीडियो में खिलाड़ी खेल के बीच में अचानक गोलियों की आवाज सुनकर तेजी से रिंक के दूसरे छोर की ओर भागते दिखाई देते हैं. हालांकि, इन वीडियो की पुष्टि नहीं हो सकी है.
रोड आइलैंड के गवर्नर डैन मैकी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि राज्य पुलिस स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर जांच कर रही है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'मैं पॉटकट और इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं.'
aajtak.in