Exclusive: बातचीत को तैयार थे मादुरो लेकिन ट्रंप ने कर दिया अटैक... हमले से पहले वेनेजुएला के प्रेसिडेंट का आखिरी इंटरव्यू

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि कराकस पर बड़े हवाई हमलों के बाद अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है. गिरफ्तारी से कुछ दिन पहले मादुरो ने ड्रग्स की तस्करी और तेल के मुद्दे पर अमेरिका से बातचीत की इच्छा जताई थी, लेकिन अमेरिका ने बातचीत के बजाय कार्रवाई का रास्ता चुना.

Advertisement
ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो को कब्जे में ले लिया है. (File Photo: Reuters) ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो को कब्जे में ले लिया है. (File Photo: Reuters)

aajtak.in

  • वॉशिंगटन,
  • 03 जनवरी 2026,
  • अपडेटेड 4:01 PM IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को दावा किया कि अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया है. ट्रंप के अनुसार, कराकस पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए गए, जिसके बाद मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लेकर देश से बाहर ले जाया गया. पकड़े जाने से पहले गुरुवार को अपने आखिरी इंटरव्यू में मादुरो ने कहा था कि वह ड्रग्स और तेल के मुद्दे पर अमेरिका के साथ बातचीत को तैयार हैं. 

Advertisement

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा कि अमेरिका ने वेनेजुएला और उसके नेतृत्व के खिलाफ एक बड़ा सैन्य अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया है. उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई में अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियां भी शामिल थीं. ट्रंप ने बताया कि इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी वह 11 बजे (अमेरिकी समयानुसार) मार-ए-लागो में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में देंगे. ट्रंप के इस दावे से कुछ घंटे पहले वेनेजुएला की राजधानी कराकस में कई जोरदार धमाके हुए थे, जिससे पूरे देश में अनिश्चितता का माहौल बन गया.

बातचीत को तैयार थे मादुरो

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने गुरुवार को कहा था कि वह ड्रग्स की तस्करी और तेल के मुद्दे पर अमेरिका से बातचीत के लिए तैयार हैं. सरकारी टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में मादुरो ने कहा कि वह अमेरिका से कहीं भी और कभी भी बातचीत करने को तैयार हैं.

Advertisement

हालांकि, वह ट्रंप के उस बयान पर सीधे जवाब देने से बचते रहे, जिसमें कहा गया था कि अमेरिका ने वेनेजुएला में एक बंदरगाह ठिकाने पर हमला किया है. यह हमला कथित तौर पर देश के भीतर पहली ऐसी कार्रवाई थी, जिसे सीआईए ने अंजाम दिया.

ड्रग्स के खिलाफ ट्रंप ने छेड़ी जंग

पिछले तीन महीनों से अमेरिकी सेना कैरेबियाई सागर और पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में उन जहाजों को निशाना बना रही है, जिन पर ड्रग्स की तस्करी का शक है. ट्रंप प्रशासन की तथाकथित ड्रग्स के खिलाफ जंग के तहत अब तक 30 से ज्यादा हमले किए जा चुके हैं.

इन हमलों में अब तक 110 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. पहला हमला 2 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में एक नाव पर किया गया था. सबसे हालिया हमला बुधवार को हुआ, जब दो नावों को निशाना बनाया गया. दावा किया गया कि इन नावों पर बड़े पैमाने पर ड्रग्स ले जाए जा रहे थे. अमेरिकी सेना के अनुसार, इस हमले में पांच लोगों की मौत हुई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »