अमेरिका और ईरान के बीच तनाव जारी है. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर शांति वार्ता को लेकर सकारात्मक रुख पेश किया है. उन्होंने कहा है कि ईरान के साथ बातचीत बहुत अच्छी चल रही है.
ट्रंप ने बताया है कि इस वीकेंड तक अमेरिका और ईरान के बीच समझौता हो सकता है. दूसरी तरफ, ईरान ने भी माना है कि अमेरिका के साथ उसके संपर्क टूटे नहीं हैं. हालांकि, ईरान ने ये भी कहा कि बातचीत में अभी कोई बड़ी तरक्की भी नहीं हुई है.
ट्रंप ने अमेरिका-ईरान वार्ता पर बड़ा अपडेट देते हुए कहा है कि बातचीत बहुत अच्छी चल रही है और दोनों देश समझौते पर दस्तखत करने के बेहद करीब हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वीकेंड तक ये समझौता हो सकता है.
होर्मुज और लेबनान मुद्दे को सुलझाने की कोशिश
ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने और लेबनान हिंसा के मुद्दों को अलग-अलग सुलझाने की कोशिश कर रहा है. हालांकि, इस बीच ट्रंप ने ईरान के संवर्धित यूरेनियम को लेकर कड़े तेवर दिखाए और कहा कि वो निकट भविष्य में इसे हासिल करना चाहते हैं.
ईरान का पक्ष
इस बीच ईरान की बातचीत टीम के एक सदस्य ने अमेरिका के साथ वार्ता को लेकर कुछ अपडेट दिए हैं. ईरान की 'फार्स' न्यूज एजेंसी की माने तो ईरान ने अभी तक अमेरिका के हालिया ड्राफ्ट पर वॉशिंगटन को अपना कोई जवाब नहीं भेजा है.
क्यों नाकाम रही पहले चरण की बातचीत?
अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत अभी भी जारी है और इसे लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है. बयान में ये भी खुलासा किया गया है कि इस्लामाबाद में हुई पहले चरण की बातचीत के नाकाम होने की असल वजह ये थी कि ईरान ने परमाणु वार्ता में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया था.
अधिकारी ने बताया कि अगर दोनों देशों के बीच सहमति पत्र (MoU) पर अंतिम मुहर लग जाती है, तो ये समझौता चार चरणों वाली प्रणाली के तहत लागू किया जाएगा. इसके साथ ही ईरान किसी भी ऐसे समझौते को मंजूर नहीं करेगा जिसमें लेबनान को नजरअंदाज किया गया हो.
यह भी पढ़ें: 'सुप्रीम लीडर से मिलने का सौभाग्य...', ईरान और नेतन्याहू को लेकर ट्रंप ने क्या-क्या कहा
विदेश मंत्री बोले- संपर्क जारी, पर प्रगति नहीं
इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री ने न्यूज चैनल 'अल मयादीन' को बताया कि अमेरिका के साथ उनके राजनयिक संपर्क अभी भी बने हुए हैं. हालांकि, उन्होंने ये भी साफ किया कि बातचीत में अब तक कोई ठोस प्रगति या आगे की बढ़त देखने को नहीं मिली है.
aajtak.in