अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध खत्म करने वाले एक ऐतिहासिक समझौते का एलान किया है. इस बड़ी ईरान डील की घोषणा के साथ ही ट्रंप ने व्हाइट हाउस में अपना 80वां हैप्पी बर्थडे मनाया और वहां आयोजित अल्टीमेट फाइटिंग चैम्पियनशिप (UFC) केज फाइट का जमकर एन्जॉय किया. उन्होंने अपने जन्मदिन के जश्न से ठीक दो घंटे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के साथ डील अब पूरी हो गई है और मैं इसके लिए सभी को बधाई देता हूं.
इस समझौते के साथ ट्रंप ने रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण हॉर्मुज को दुनिया भर के व्यापारिक जहाजों के लिए पूरी तरह से खोलने और अमेरिकी नौसेना द्वारा की गई नाकाबंदी को भी तुरंत हटाने की बड़ी घोषणा की. उन्होंने पोस्ट पर लिखा, 'दुनिया भर के जहाजों, अपने इंजन चालू करो और तेल की सप्लाई शुरू होने दो'. ट्रंप ने एक अन्य पोस्ट में साफ किया कि दोनों देशों के बीच इस शानदार शांति समझौते पर अगले शुक्रवार को साइन किया जाएगा, जो पूरे इलाके में स्थिरता और सुरक्षा लेकर आएगा.
व्हाइट हाउस के लॉन में सजी UFC की रिंग
इस बार अमेरिकी राष्ट्रपति का जन्मदिन इसलिए भी सबसे अलग और खास रहा क्योंकि इसी साल अमेरिका अपनी आजादी की 250वीं वर्षगांठ भी मना रहा है. इस दोहरे और ऐतिहासिक मौके को यादगार बनाने के लिए व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में एक बेहद अनोखा आयोजन किया गया. ट्रंप ने अपने बर्थडे सेलिब्रेशन के लिए वहां UFC केज फाइट का शो रखवाया, जिसमें तार की जाली से बने आठ कोनों वाले पिंजरे के अंदर कुल सात फाइट्स होनी हैं.
'UFC फ्रीडम 250' नाम के इस खास खेल इवेंट की शुरुआत ब्राजील के डिएगो लोपेज और अमेरिकी फाइटर स्टीव गार्सिया के बीच हुए कड़े मुकाबले से हुई. व्हाइट हाउस के इतिहास में यह अपनी तरह का पहला और सबसे अलग बर्थडे सेलिब्रेशन है, जहां एक तरफ पूरी दुनिया को राहत देने वाली ईरान डील फाइनल हुई और कूटनीतिक जीत का जश्न मना, तो दूसरी तरफ खेल के मैदान पर एक्शन और रोमांच का माहौल देखने को मिला.
aajtak.in