मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग अब एक बेहद हैरान करने वाले मोड़ पर आ गई है. ईरान के आसमान में जारी हवाई हमलों में इस बार महिला पायलटों ने कमान संभाली है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर आई जानकारी के मुताबिक, 'ऑपरेशन रोरिंग लायन' के तहत करीब 30 महिला एयरक्रू मेंबर्स ने सीधे हमलों में हिस्सा लिया. इनमें जांबाज महिला पायलट और नेविगेटर्स शामिल हैं, जो ईरान के ऊपर आसमान में मोर्चा संभाल रही हैं.
इस बड़े सैन्य ऑपरेशन को इजरायल और अमेरिका ने मिलकर अंजाम दिया है. खास बात यह रही कि यह हमला जानबूझकर दिन के उजाले में किया गया, ताकि ईरानी सेना को संभलने का मौका न मिले और कम समय में ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाया जा सके. इजरायल ने इस मिशन को 'ऑपरेशन रोरिंग लायन' नाम दिया है, जिसकी तैयारी पिछले कई महीनों से बहुत बारीकी से चल रही थी.
यह भी पढ़ें: Iran-Israel War: अमेरिका-इजरायल से युद्ध में क्या है ईरान की ताकत?
यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर चल रही बातचीत पूरी तरह फेल हो गई. इसके तुरंत बाद इजरायल और अमेरिका की डिफेंस टीमों ने मिलकर इस हमले का रणनीति तैयार किया. इजरायल डिफेंस फोर्सेस (IDF) के मुताबिक, इस पूरे मिशन में महिला पायलटों और नेविगेटर्स की भूमिका बेहद निर्णायक रही है. इन्होंने न सिर्फ विमान उड़ाए, बल्कि कई रणनीतिक और सैन्य ठिकानों को सीधे निशाना बनाकर अपना दम दिखाया.
aajtak.in