महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रहने वालों के लिए एक सितंबर से जेब पर एक साथ दो झटके लगने वाले हैं. एक तरफ गैस कंपनी महानगर गैस ने सीएनजी और घरेलू पीएनजी के दाम बढ़ा दिए हैं, तो दूसरी तरफ टैक्सी और ऑटो का किराया भी बढ़ गया है.
महानगर गैस ने सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो और घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस यानी पीएनजी में 1 रुपये प्रति एससीएम की बढ़ोतरी की है. वहीं मुंबई महानगर क्षेत्र में टैक्सी और ऑटो रिक्शा का न्यूनतम किराया भी बढ़ा दिया गया है. दोनों ही बदलाव एक सितंबर से लागू हो चुके हैं.
महानगर गैस यानी एमजीएल ने सोमवार को यह जानकारी दी कि मुंबई और आसपास के इलाकों में अब सीएनजी की नई कीमत 88 रुपये प्रति किलो हो गई है. यह बढ़ोतरी एक सितंबर की आधी रात से लागू हुई है. कंपनी ने इसकी वजह पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव को बताया है.
कंपनी के मुताबिक इस तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ी गैस की कीमतें काफी बढ़ गई हैं, जिसका सीधा असर उनकी लागत पर पड़ा है. एमजीएल का कहना है कि सीएनजी की जबरदस्त मांग है और इसके लिए जरूरी गैस का बड़ा हिस्सा महंगे दामों पर आयात किए गए स्पॉट आरएलएनजी से पूरा किया जा रहा है. कंपनी के अनुसार यह दाम बढ़ोतरी बढ़ती लागत का सिर्फ आंशिक हिस्सा ही कवर कर पाएगी, लेकिन इससे ग्राहकों को लगातार सीएनजी की सप्लाई मिलती रहेगी.
यह खबर शुरुआती सूचनाओं के साथ प्रकाशित की गई है. जल्द नए अपडेट्स जोड़े जाएंगे.
aajtak.in