अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने रविवार को अपने जीवन के दो सबसे पसंदीदा भारतीय और पाकिस्तानी लोगों के नाम बताए. उन्होंने ये टिप्पणी स्विट्जरलैंड में अमेरिका-ईरान के बीच चल रही वार्ता के दौरान मीडिया से बातचीत में की. जेडी वेंस ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'मैं अक्सर कहता हूं कि मेरी जिंदगी में दो बेहद महत्वपूर्ण लोग हैं. एक भारतीय हैं और दूसरे पाकिस्तानी. भारतीय मेरी पत्नी उषा वेंस हैं और पाकिस्तानी फील्ड मार्शल आसिम मुनीर हैं.'
वार्ता के बारे में जेडी वेंस ने कहा कि आज हम समझौते के तकनीकी पहलुओं पर चर्चा कर रहे हैं, जो शायद हर मतभेद को खत्म नहीं करेगी. लेकिन इससे इतना हुआ है कि पहली बार सभी पक्ष एक टीम के रूप में साथ बैठे हैं. उन्होंने कहा, 'इससे हमें यह समझने में मदद मिलेगी कि अलग-अलग पक्षों के लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दे क्या हैं, उन मुद्दों का समाधान कैसे किया जाए और बेहतर भविष्य की ओर कैसे बढ़ा जाए.'
यह भी पढ़ें: 'अमेरिका चाहे कितना भी प्रेशर डाले', लेबनान पर नेतन्याहू के मंत्री की ट्रंप को चुनौती!
वेंस ने कहा कि संबंधित देशों का राजनीतिक नेतृत्व इसलिए यहां मौजूद है ताकि तकनीकी वार्ता की रूपरेखा तय की जा सके और वार्ता टीमों को यह भरोसा दिलाया जा सके कि उन्हें पूरा राजनीतिक समर्थन हासिल है. उन्होंने कहा, 'हम चाहते हैं कि हमारी टीमें जानें कि किसी भी बाधा को दूर करने के लिए वे हमसे कभी भी संपर्क कर सकती हैं.' अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा कि अभी काफी काम बाकी है, लेकिन सभी पक्ष इस प्रक्रिया को लेकर उत्साहित हैं. उन्होंने कहा, 'हमने पिछले कुछ घंटों में काफी प्रगति की है.'
जेडी वेंस ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पूरे मिडिल ईस्ट में स्थायी युद्धविराम लागू कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने कहा, 'ऐसे युद्धविराम हमेशा थोड़े जटिल होते हैं, लेकिन हमने पिछले कुछ दिनों में यह सुनिश्चित करने में बड़ी प्रगति देखी है कि लेबनान में युद्धविराम कायम रहे.' जेडी वेंस ने कहा कि ट्रंप ने उन्हें नई शुरुआत करने और कूटनीतिक समाधान खोजने के लिए अधिकृत किया है. उन्होंने कहा, 'अब हम ऐसा भविष्य देख रहे हैं जहां सभी देश शांति और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए साथ मिलकर काम कर सकें.'
यह भी पढ़ें: होर्मुज बंद, फिर तेल पर संकट... टूट गई अमेरिका-ईरान डील? ट्रंप का नया प्रस्ताव
वेंस ने यह भी कहा कि ईरान लंबे समय से क्षेत्रीय अस्थिरता का एक बड़ा कारण रहा है, लेकिन अब कूटनीति के जरिए मध्य पूर्व को बदलने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा, 'सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या हम मध्य पूर्व में संबंधों को स्थायी रूप से बदल सकते हैं.' इस बीच, अमेरिकी और ईरानी वार्ताकारों ने कतर के मध्यस्थों के साथ त्रिपक्षीय बैठक भी की. वार्ता शुरू होने से पहले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजश्कियान ने प्रमुख शर्तों पर बात की. उन्होंने कहा कि ईरान ने अमेरिका को लिखित में यह देने का आश्वासन दिया है कि वह परमाणु बम नहीं बनाएगा. वहीं, अमेरिका ने कतर के बैंकों में फ्रीज 6 अरब डॉलर के फंड को ईरान को लौटाने पर सहमति जताई है.
aajtak.in