ईरान युद्ध की वजह से तेल बाजार पर भारी दबाव पड़ा है और दुनिया भर के देशों की तरह अमेरिका में भी तेल-डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं. अमेरिका ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए अपनी स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व (SPR) से ऊर्जा कंपनियों को 4 करोड़ बैरल तक कच्चा तेल उधार देने की पेशकश की है. अमेरिकी ऊर्जा विभाग ने बुधवार को इसकी जानकारी दी.
यह पेशकश पहले हुए इस समझौते का हिस्सा है, जिसके तहत अमेरिका ने SPR से 17.2 करोड़ बैरल तेल जारी करने पर सहमति दी थी. अब तक इस समझौते के तहत करीब 13.3 करोड़ बैरल तेल ऊर्जा कंपनियों को उधार दिया जा चुका है.
अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किया था जिसके बाद से वैश्विक तेल बाजार में उथल-पुथल मची हुई है. इसे शांत करने के लिए मार्च में अमेरिका और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) के लगभग 30 सदस्य देशों ने मिलकर दुनिया भर के भंडार से करीब 40 करोड़ बैरल तेल जारी करने पर सहमति जताई थी.
SPR क्या है?
स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व (SPR) अमेरिका का आपातकालीन तेल भंडार है, जिसमें टेक्सास और लुइसियाना के तटीय इलाकों में अंडरग्राउंड गुफाओं (कैवर्न्स) में तेल जमा किया जाता है. वर्तमान में इसमें 34.92 करोड़ बैरल तेल मौजूद है, जो अगस्त 2023 के बाद का सबसे निचला स्तर है.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, पेट्रोलियम रिजर्व से उधार ले रही कंपनियों को तेल वापस लौटाना होगा. जो कंपनियां SPR से तेल उधार लेंगी, उन्हें बाद में उतनी ही मात्रा का तेल वापस करना होगा. इसके अलावा उन्हें 24% तक अतिरिक्त तेल प्रीमियम के रूप में लौटाना होगा. यानी अगर कोई कंपनी 100 बैरल तेल लेती है, तो उसे तय समय पर 100 बैरल के साथ अतिरिक्त तेल भी वापस करना होगा.
अमेरिकी ऊर्जा विभाग का कहना है कि यह व्यवस्था बाजार को स्थिर रखने में मदद करेगी और इसके लिए अमेरिकी टैक्सपेयर्स पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा.
ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने कहा है कि इस साल और अगले साल प्रीमियम के रूप में 3.5 से 4 करोड़ बैरल अतिरिक्त तेल SPR में वापस आने की उम्मीद है.
आजतक इंटरनेशनल डेस्क