'कोई ऐसा कदम मत उठाना जिससे ईरान...', सऊदी प्रिंस सलमान ने अपने 'दुश्मन' को भी किया फोन

ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर पहुंच गया है. सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने गल्फ देशों के नेताओं को फोन कर चेताया कि कोई भी गलत कदम पूरे इलाके को बड़े युद्ध में झोंक सकता है. यहां तक कि उन्होंने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों से भी बात कर हालात संभालने की कोशिश की.

Advertisement
सऊदी क्राउन प्रिंस ने क्षेत्रीय नेताओं से बात की है. (Photo- ITG) सऊदी क्राउन प्रिंस ने क्षेत्रीय नेताओं से बात की है. (Photo- ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 06 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:24 AM IST

अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए बड़े हमलों के बाद पूरे पश्चिम एशिया में युद्ध का खतरा तेजी से बढ़ गया है. इसी बीच सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने क्षेत्र के कई नेताओं को फोन कर साफ चेतावनी दी है कि अगर किसी भी देश से एक छोटी सी गलती हो गई तो पूरा गल्फ क्षेत्र भीषण युद्ध की चपेट में आ सकता है.

Advertisement

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सऊदी नेतृत्व अमेरिका और इजरायल के हमलों के समय और उनके पैमाने से काफी नाराज है. यही वजह है कि प्रिंस सलमान ने तुरंत गल्फ देशों के नेताओं से संपर्क करना शुरू किया. उन्होंने बहरीन, कुवैत, कतर और संयुक्त अरब अमीरात के शीर्ष नेताओं से बात कर यह संदेश दिया कि कोई भी ऐसा कदम न उठाया जाए जिससे ईरान भड़क जाए और हालात नियंत्रण से बाहर हो जाएं.

यह भी पढ़ें: 'पहले ईरान खत्म करूंगा, फिर...', कौन देश होगा ट्रंप का अगला टारगेट?

बताया जा रहा है कि इन बातचीत में यह भी कहा गया कि ईरान की ओर से हुए जवाबी हमले उतने बड़े नहीं थे जितनी आशंका जताई जा रही थी. इसलिए फिलहाल गल्फ देशों को संयम बरतने की जरूरत है. सऊदी विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान ने भी क्षेत्र के कई देशों के विदेश मंत्रियों से फोन पर बात की और तनाव कम करने की अपील की.

Advertisement

दुश्मनी भूलकर MBS ने MBZ को किया फोन

इस पूरी कूटनीतिक गतिविधि में सबसे दिलचस्प बात यह रही कि प्रिंस सलमान ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायेद से भी बात की. दोनों नेताओं के बीच पिछले कई महीनों से यमन और सूडान के मुद्दों को लेकर मतभेद चल रहे थे. लेकिन ईरान के साथ बढ़ते तनाव ने दोनों देशों को फिर से संवाद के लिए मजबूर कर दिया.

सऊदी अरब ईरान युद्ध में क्यों नहीं उलझना चाहता?

दरअसल सऊदी अरब को सबसे ज्यादा चिंता इस बात की है कि अगर युद्ध और फैलता है तो यमन के हूती विद्रोही भी इसमें कूद सकते हैं. हूती पहले भी क्षेत्र में कई हमले कर चुके हैं और उन पर ईरान के समर्थन के आरोप लगते रहे हैं. अगर हूती युद्ध में शामिल होते हैं तो लाल सागर और पूरे गल्फ इलाके में हालात बेहद खतरनाक हो सकते हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक सऊदी विश्लेषकों का कहना है कि रियाद फिलहाल खुद को इस संघर्ष से दूर रखना चाहता है. विशेषज्ञों के मुताबिक, सऊदी अरब की कोशिश है कि वह तटस्थ रुख अपनाकर क्षेत्र में तनाव को कम करे और युद्ध को फैलने से रोके. यही वजह है कि प्रिंस सलमान लगातार बैक चैनल कूटनीति के जरिए क्षेत्रीय नेताओं से बातचीत कर रहे हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'अमेरिका ने भारत के दरवाजे पर जंग...', ईरानी युद्धपोत पर अटैक को लेकर क्यों चिंता जता रहे एक्सपर्ट

'कई ताकतों को हमें कंट्रोल करने का मौका मिल जाएगा'

इस बीच कतर के पूर्व प्रधानमंत्री हमाद बिन जसीम जाबेर अली अल थानी ने भी गल्फ देशों को सलाह दी है कि वे सीधे तौर पर ईरान के साथ टकराव से बचें. उनका कहना है कि अगर गल्फ देश सीधे युद्ध में उतरते हैं तो इससे दोनों पक्षों के संसाधन खत्म होंगे और बाहरी ताकतें इस स्थिति का फायदा उठा सकती हैं.

विश्लेषकों का मानना है कि अगर ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच संघर्ष लंबा खिंचता है तो गल्फ देशों पर भारी दबाव पड़ सकता है. ऐसे में उन्हें अमेरिका का साथ देने या अपने इलाकों से सैन्य कार्रवाई की अनुमति देने के लिए मजबूर किया जा सकता है.

फिलहाल सऊदी अरब की सबसे बड़ी कोशिश यही है कि किसी तरह यह युद्ध और ज्यादा न फैले. क्योंकि अगर हालात बिगड़ते हैं तो पूरा पश्चिम एशिया एक बड़े और विनाशकारी संघर्ष की आग में घिर सकता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement