अमेरिका के साथ संभावित समझौते का फायदा उठाने में ईरान कोई देरी नहीं कर रहा है. होर्मुज स्ट्रेट के बाहर अमेरिकी नाकाबंदी को पार करते हुए पिछले दो महीनों में पहली बार ईरानी कच्चे तेल का निर्यात होते देखा गया है.
इस वीकेंड अमेरिका ने ईरान के साथ शांति समझौते पर सहमति की घोषणा की थी. शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में समझौते पर औपचारिक हस्ताक्षर होने हैं. इससे पहले कम से कम तीन ईरानी तेल टैंकर होर्मुज स्ट्रेट से बाहर निकल चुके हैं और इस हफ्ते अब तक अमेरिकी नाकाबंदी को पार कर क्षेत्र से रवाना हो चुके हैं. यह जानकारी टैंकर-ट्रैकिंग कंपनियों ने दी है.
टैंकर ट्रैकिंग सेवा टैंकरट्रैकर्स डॉट कॉम ने AIS (Automatic Identification System) डेटा और सैटेलाइट तस्वीरों के आधार पर अनुमान लगाया है कि नेशनल ईरानियन टैंकर कंपनी (NITC) के कम से कम दो सुपरटैंकर अमेरिकी नाकाबंदी को पार कर चुके हैं. इन बहुत बड़े क्रूड कैरियर्स (VLCCs) के नाम डियोना और हीरो-2 हैं.
कंपनी के मुताबिक, दोनों जहाज मिलाकर 38 लाख बैरल ईरानी कच्चा तेल लेकर अमेरिकी नाकाबंदी क्षेत्र से गुजर चुके हैं. टैंकर ट्रैकर्स ने कहा, 'दो महीनों में ईरान के कच्चे तेल का यह पहला निर्यात है.'
नेशनल ईरानियन टैंकर कंपनी का एक अन्य टैंकर 'स्ट्रीम' भी अमेरिकी नाकाबंदी रेखा के करीब पहुंच रहा है. टैंकरट्रैकर्स डॉट कॉम के अनुसार, यह जहाज पिछले सात हफ्ते से पाकिस्तान के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) में ईरान में एंट्री का इंतजार कर रहा था.
ऊर्जा विश्लेषण कंपनी केप्लर ने भी एक तीसरे ईरान-संबंधित टैंकर को ट्रैक किया है, जो 10 लाख बैरल ईरानी कच्चा तेल लेकर बुधवार को नाकाबंदी रेखा से बाहर निकला.
तेल निर्यात को पटरी पर लाने की पूरी तैयारी कर चुका ईरान
समुद्री खुफिया कंपनी विंडवार्ड (Windward) की वरिष्ठ विश्लेषक मिशेल वीजे बॉकमैन ने कहा, 'ईरान अपने टैंकरों को फिर से चालू हालात में लाने में बिल्कुल भी समय बर्बाद नहीं कर रहा है.'
बॉकमैन के मुताबिक, NITC का एक अन्य VLCC टैंकर 'डैन' भी रियाउ द्वीपसमूह के पास वाले क्षेत्र से निकल चुका है, जहां वो 23 मई से ट्रैकिंग सिस्टम बंद करके खड़ा था. अब यह तेल लोड करने के लिए ईरान की ओर बढ़ रहा है.
ईरानी तेल टैंकरों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है. शुक्रवार को जिनेवा में उस समझौते पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है, जिसके तहत 60 दिनों की वार्ता प्रक्रिया शुरू होगी.
इसके अलावा, ईरान इस बात का भी फायदा उठाने की तैयारी कर रहा है कि समझौते पर हस्ताक्षर होते ही अमेरिका ईरानी तेल की बिक्री की इजाजत देने वाला है. मंगलवार को वॉल स्ट्रीट जर्नल ने समझौते की जानकारी रखने वाले सूत्रों के हवाले से बताया कि समझौते के तहत ईरान को तुरंत तेल और ईंधन की बिक्री फिर से शुरू करने की अनुमति मिल जाएगी.
आजतक इंटरनेशनल डेस्क