अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलॉन मस्क को 'BIG THANK YOU' कहा है. इसकी वजह मस्क का वह ऐलान है, जिसमें उन्होंने अगले साल अमेरिका के हर बच्चे को अपनी कंपनी SpaceX का एक शेयर देने का वादा किया है. ट्रंप ने मस्क की इस पहल को असाधारण उदारता बताते हुए कहा कि इससे लाखों अमेरिकी बच्चों को निवेश का मौका मिलेगा. उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र की मदद से बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने की यही सोच 'ट्रंप अकाउंट्स' शुरू करने के पीछे थी.
ट्रंप ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "हमारे महान दोस्त एलॉन मस्क का बहुत-बहुत धन्यवाद. अमेरिकी बच्चों को ट्रंप अकाउंट्स के जरिए SpaceX के शेयर देने में उनकी उदारता असाधारण है."
यह भी पढ़ें: 'न्यू मैक्सिको का नाम न्यू अमेरिका...', ट्रंप ने दोहराई मांग, कहा- इससे इनकम बढ़ेगी
'हर अमेरिकी बच्चे को मिलेगा अमेरिकी सपने में हिस्सा'
ट्रंप ने अपने संदेश में कहा कि निजी क्षेत्र की बड़ी कंपनियों और कारोबारियों को बच्चों के भविष्य में निवेश करने के लिए आगे आना चाहिए. उन्होंने लिखा, "ट्रंप अकाउंट्स बनाते समय हमारी यही सोच थी. निजी क्षेत्र, एलॉन और उनके जैसे कई लोगों को साथ लाकर हम अपने बच्चों में निवेश कर सकें. बच्चे हमारी सबसे बड़ी और सबसे महत्वपूर्ण पूंजी हैं." उन्होंने आगे कहा कि इस पहल से हर अमेरिकी बच्चे को 'अमेरिकी सपने' में हिस्सेदारी मिल सकती है. ट्रंप ने मस्क को धन्यवाद देते हुए उनके वादे की तारीफ की.
मस्क ने क्या ऐलान किया है?
एलॉन मस्क ने सोमवार को एक्स पर लिखा था, "अगले साल मैं अमेरिका के हर बच्चे को अपने SpaceX के शेयरों में से एक शेयर दूंगा. यह कई कदमों में से पहला होगा." हालांकि, मस्क ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस योजना के तहत बच्चे होने की पात्रता कैसे तय होगी, शेयर किस प्रक्रिया से खातों में पहुंचाए जाएंगे और अगले साल किस समय इन्हें ट्रांसफर किया जाएगा. इसलिए फिलहाल यह एक वादा है, जिसके अमल की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.
क्या हैं ट्रंप अकाउंट्स?
ट्रंप अकाउंट्स बच्चों के लिए बनाए गए निवेश खाते हैं, जिनका मकसद उनके भविष्य के लिए आर्थिक पूंजी तैयार करना है. ट्रंप ने मस्क के ऐलान को इसी योजना की सोच से जोड़ते हुए कहा कि सरकार और निजी क्षेत्र मिलकर बच्चों के भविष्य में निवेश कर सकते हैं. इससे पहले अरबपति कारोबारी माइकल और सुसान डेल भी 2.5 करोड़ बच्चों के खातों के लिए 6.25 अरब डॉलर देने का वादा कर चुके हैं. यह राशि सबसे पहले कम आय वाले इलाकों में रहने वाले बच्चों के खातों में देने की योजना है.
यह भी पढ़ें: 'मैं सिर्फ अमेरिकी...', नेतन्याहू को समर्थन देने से जेडी वेंस का इनकार, चुनाव में ट्रंप ने किया है सपोर्ट
ट्रंप और मस्क के रिश्तों में फिर दिख रही नजदीकी
ट्रंप और मस्क के रिश्तों में उतार-चढ़ाव रहा है. मस्क ने 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप का समर्थन करने के लिए 20 करोड़ डॉलर से ज्यादा खर्च किए थे. ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के शुरुआती महीनों में मस्क उनके करीबी माने जाते थे और उन्हें 'फर्स्ट बडी' भी कहा गया.
मस्क ने ट्रंप प्रशासन के सरकारी दक्षता विभाग में भी काम किया, लेकिन मई 2025 में इससे अलग हो गए. इसके बाद उन्होंने ट्रंप के बड़े खर्च वाले विधेयक की आलोचना की थी. हाल के महीनों में दोनों फिर कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में साथ नजर आए हैं.
मस्क के शेयर देने के वादे पर ट्रंप की जोरदार प्रतिक्रिया इस बात को दिखाती है कि अमेरिकी बच्चों के खातों में निजी निवेश लाने की पहल को राष्ट्रपति कितना महत्व दे रहे हैं. हालांकि, मस्क की योजना के पात्रता नियमों और शेयर ट्रांसफर की प्रक्रिया का खुलासा अभी बाकी है.
aajtak.in