'रूस-यूक्रेन में हो गया एनर्जी सीजफायर’, ट्रंप बोले- दोनों देश इसे न तोड़ें

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन के बीच 'एनर्जी सीजफायर' का दावा किया है. हालांकि, जेलेंस्की ने कहा कि ट्रंप का यह ऐलान उनके लिए भी नई जानकारी थी और रूस के सहमत होने पर यूक्रेन भी एनर्जी सीजफायर के लिए तैयार है.

Advertisement
ट्रंप ने यूक्रेन और रूस के बीच एनर्जी सीजफायर का दावा किया है. (File Photo-AP) ट्रंप ने यूक्रेन और रूस के बीच एनर्जी सीजफायर का दावा किया है. (File Photo-AP)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 11 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:43 PM IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच 'एनर्जी सीजफायर' का दावा किया है. ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि यह सीजफायर तत्काल प्रभाव से लागू होगा और रूस-यूक्रेन युद्ध में दोनों पक्ष इस पर सहमत हो गए हैं. उन्होंने दोनों पक्षों से इसका उल्लंघन नहीं करने की अपील की. जेलेंस्की ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है.

Advertisement

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट Axios के मुताबिक, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से एनर्जी सीजफायर के ऐलान की जानकारी उनके लिए भी नई थी. जेलेंस्की ने कहा कि अगर रूस एनर्जी सीजफायर के लिए सहमत होता है, तो यूक्रेन भी इसके लिए सहमत होगा.

इससे पहले, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रविवार को कहा कि अगर मॉस्को यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले रोकता है, तो यूक्रेन रूसी तेल रिफाइनरियों पर हमले रोकने के लिए तैयार है.

शनिवार को ट्रंप ने रूसी रिफाइनरियों पर यूक्रेन के हमलों को अमेरिका में डीजल की कीमतें बढ़ने के लिए जिम्मेदार ठहराया था. उन्होंने जेलेंस्की से हमले रोकने को कहा था. ट्रंप ने यह भी कहा था कि यूक्रेन को अपना नेता बदल लेना चाहिए, क्योंकि जेलेंस्की ने मॉस्को के साथ समझौते के कई मौके गंवा दिए हैं.

Advertisement

डीजल कीमतों में बढ़ोतरी

ईरान युद्ध शुरू होने के बाद फरवरी में  डीजल कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है. अगले महीने होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले यह ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के लिए राजनीतिक चुनौती बन गई है. जेलेंस्की ने रविवार को कहा कि यूक्रेन रूसी रिफाइनरियों पर हमले तभी रोकने के लिए तैयार है, जब मॉस्को भी यूक्रेन के पावर इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले बंद करे. उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी समझौते के साथ 'रियल गारंटी' होनी चाहिए.

जेलेंस्की ने कहा, 'यूरोप में युद्ध की असली वजह रूस है और सिर्फ रूस है.' उन्होंने कहा कि ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले आज से ही रोके जा सकते हैं, लेकिन पुतिन ऐसा नहीं करना चाहते. शनिवार को जेलेंस्की ने रूस के साथ ट्रंप की डीजल सप्लाई डील पर भी नाराजगी जताई थी. उन्होंने कहा था कि इससे यूक्रेन पर मॉस्को के हमलों को बढ़ावा मिलेगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »