ईरान पर हमला करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार बयानबाजी कर रहे हैं. इजरायल के साथ मिलकर ट्रंप ने ईरान के सुप्रीम लीडर समेत कई बड़े नेताओं को मार दिया. पहले कहा जा रहा था कि ईरान पर हमले के लिए ट्रंप को बेंजामिन नेतन्याहू ने उकसाया है. लेकिन अब ट्रंप ने खुद बता दिया है कि उन्हें युद्ध शुरू करने का हौसला किसने दिया.
ट्रंप ने मीडिया के सामने बताया कि अमेरिकी वॉर सेक्रेटर पीट हेगसेथ ही वो पहले शख्स हैं, जिन्होंने उन्हें युद्ध शुरू करने की सलाह दी. अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि उन्होंने अपने दिग्गज मंत्रियों के सामने ईरान को लेकर अपनी चिंता जाहिर की थी.
ट्रंप ने कहा, मैंने पीट को फोन किया, मैंने जनरल केन को फोन किया, मैंने अपने कई महान लोगों को फोन किया. हमारे पास महान लोग हैं और मैंने कहा, चलिए बात करते हैं. मिडिल-ईस्ट में हमारे सामने एक समस्या है. ईरान नाम का एक देश है जो 47 सालों से आतंक फैला रहा है और वो परमाणु हथियार बनाने के बेहद करीब हैं.
ट्रंप ने बताया कि उन्होंने अपने नेताओं से कहा कि या तो अमेरिका आगे बढ़ सकता है और उस 50,000 की संख्या को 55 और 60 तक पहुंचा सकता है. या फिर अमेरिका रुक सकता है और मिडिल ईस्ट में इस बड़ी समस्या को खत्म कर सकते हैं.
ट्रंप ने कहा, पीट मुझे लगता है कि आप पहले व्यक्ति थे जिन्होंने आवाज उठाई और आपने कहा कि चलिए ऐसा करते हैं. क्योंकि आप उन्हें परमाणु हथियार नहीं बनाने दे सकते. इसलिए अब हमारी बहुत अच्छी बातचीत चल रही है. ये कल रात, या उससे एक रात पहले शुरू हुई थी.
अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को संयुक्त रूप से ईरान पर हमला किया था. इस बमबारी में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी. युद्ध शुरू हुए अब 25 दिन हो चुके हैं और इस दौरान ईरान के कई दिग्गज नेताओं की जान जा चुकी है.
aajtak.in