चीन के फुजियान प्रांत में एक जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया है. एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना में करीब 28 लोगों की मौत हो गई है. हादसे के बाद राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बचाव अभियान तेज करने, घटना की गहन जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने शुरुआती आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि गुरुवार, 9 जुलाई को पूर्वी चीन में जूतों की एक फैक्ट्री में लगी आग से कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई है.
अधिकारियों ने बताया कि जिनजियांग शहर की फैक्ट्री में लगी आग को बुझाने के लिए दर्जनों दमकल और बचावकर्मी तेजी से काम कर रहे थे. राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बिना कोई सटीक संख्या बताए 'भारी जान-माल के नुकसान' की बात कही है. रॉयटर्स ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि सरकारी ब्रॉडकास्टर CCTV के मुताबिक, गुरुवार दोपहर फुजियान प्रांत के जिनजियांग शहर में आग लगी और कुछ लोग छत पर फंस गए.
आग की लपटें और काला धुआं...
CCTV द्वारा जारी किए गए वीडियो में कई मंजिला फैक्ट्री आग की लपटों में घिरी हुई और आसमान में घना काला धुआं उठता हुआ दिखाई दिया. आग में फंसे कई लोग छत पर दिखाई दिए, जबकि उनके चारों ओर धुआं फैल रहा था.
रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद ऊंचाई तक उठने वालों लपटें काफी हद तक बुझा दी गई थीं. फायर और रेस्क्यू टीमों ने 183 लोगों और 35 गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा. स्थानीय अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि आग फैक्ट्री की ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी. अधिकारी ने कहा कि इमारत में रखे जूते बनाने के सामान में आसानी से आग पकड़ने की क्षमता थी, जिससे आग तेजी से फैल सकती थी.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मताबिक, मौके पर मौजूद सामान और गोंद (एडहेसिव) की वजह से घटनास्थल पर बहुत तीखी गंध थी, जिससे लोगों को आंखों में जलन हो रही थी.
चीन की 'जूता राजधानी'
फुजियान प्रांत में स्थित जिनजियांग, जूते और कपड़ों के निर्माण का एक बड़ा केंद्र है और इसे अक्सर चीन की 'जूता राजधानी' कहा जाता है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, शहर की हजारों कंपनियों ने 2024 में 1.2 अरब जोड़ी से ज्यादा जूते बनाए, जो वैश्विक उत्पादन का 20% है.
aajtak.in