यमन के पास लाल सागर में कार्गो शिप पर हमला, ब्रिटिश आर्मी ने जारी किया अलर्ट

यमन के होदेदा तट के पास लाल सागर में एक कार्गो जहाज पर अज्ञात हथियारबंद लोगों ने हमला किया है. ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी UKMTO ने घटना की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है. फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.

Advertisement
लाल सागर में किसने हमला किया अभी खुलासा नहीं हुआ है. (File Photo/सांकेतिक) लाल सागर में किसने हमला किया अभी खुलासा नहीं हुआ है. (File Photo/सांकेतिक)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 05 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:25 PM IST

यमन के पास लाल सागर में एक बार फिर समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. ब्रिटेन की सेना ने बताया कि रविवार को एक कार्गो जहाज पर अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने हमला कर दिया. घटना यमन के पश्चिमी तट पर स्थित होदेदा शहर से करीब 30 समुद्री मील (करीब 55 किलोमीटर) दक्षिण-पश्चिम में हुई.

ब्रिटेन की यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने बताया कि जहाज से सूचना मिली कि उस पर हथियारबंद लोगों ने हमला किया है. एजेंसी के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है. फिलहाल जहाज को हुए नुकसान या चालक दल की स्थिति के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: ताबूत पर काली पगड़ी, बिलखते समर्थक और सिर पीटती भीड़... अमेरिका-इजरायल से बदला लेने की कसमों के बीच थमा ईरान!

अब तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. हालांकि, संदेह की नजर ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों पर भी है, क्योंकि उन्होंने पहले लाल सागर से गुजरने वाले जहाजों को निशाना बनाने की धमकी दी थी. हालांकि, हाल के महीनों में हूतियों ने ऐसे हमले नहीं किए थे.

गाजा युद्ध शुरू होने के बाद हूती विद्रोहियों ने लाल सागर और बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट से गुजरने वाले कई जहाजों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए थे. इन हमलों के कारण दुनिया की कई बड़ी शिपिंग कंपनियों ने अपने जहाजों का रास्ता बदल दिया था और स्वेज नहर की बजाय अफ्रीका के दक्षिणी छोर से लंबा समुद्री मार्ग अपनाना शुरू कर दिया था.

Advertisement

यह भी पढ़ें: ईरान में खामेनेई के अंतिम संस्कार पर डोनाल्ड ट्रंप का तंज, बोले- हमने ईरान को एक हफ्ते की छूट दी

इधर, अदन की खाड़ी में सोमाली समुद्री डाकू भी फिर सक्रिय हो गए हैं. 1 जुलाई को भी यमन के दक्षिण-पूर्वी बंदरगाह बलहाफ से करीब 76 समुद्री मील दूर एक जहाज पर संदिग्ध समुद्री डाकुओं ने हमला किया था. उस घटना में छोटे हथियारों से लैस चार लोगों ने जहाज के ब्रिज को मामूली नुकसान पहुंचाया था.

लगातार हो रही इन घटनाओं ने लाल सागर और अदन की खाड़ी में अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है. ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटना पर नजर बनाए हुए हैं और जहाजों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »