'हम रेस्क्यू नहीं कर पाएंगे, खुद प्लान बनाइए', इजरायल में फंसे अपने नागरिकों से बोला अमेरिका

इजरायल में अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी ने सुरक्षा हालात को देखते हुए अमेरिकी नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है. उन्होंने कहा कि इजरायल से बाहर निकलने के विकल्प बेहद सीमित हैं. फिलहाल मिस्र के ताबा बॉर्डर के रास्ते निकलना सबसे सुरक्षित विकल्प बताया गया है.

Advertisement
इजरायली पुलिसकर्मी रोश हाआइन में ईरानी मिसाइल हमले में हुए नुकसान का जायजा लेते हुए. (Photo: AP) इजरायली पुलिसकर्मी रोश हाआइन में ईरानी मिसाइल हमले में हुए नुकसान का जायजा लेते हुए. (Photo: AP)

aajtak.in

  • तेल अवीव,
  • 03 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 5:52 PM IST

अमेरिका ने ईरान के साथ सैन्य संघर्ष के बीच इजरायल में फंसे अपने नागरिकों से कहा है कि उन्हें खुद इन परि​स्थितियों से​ निपटना होगा, सरकार उनके निकासी की व्यवस्था नहीं कर सकती. इजरायल में अमेरिका के राजदूत माइक हकाबी ने मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए वहां मौजूद अमेरिकी नागरिकों के लिए एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि फिलहाल इजरायल से बाहर निकलने के विकल्प बेहद सीमित हैं.

Advertisement

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट और बाद में जारी सुरक्षा अलर्ट में माइक हकाबी ने कहा कि इस समय सबसे बेहतर रास्ता इजरायली टूरिज्म मिनिस्ट्री द्वारा चलाई जा रही शटल बसों के जरिए मिस्र के ताबा बॉर्डर क्रॉसिंग तक जाना है. ताबा पहुंचने के बाद यात्री वहीं से फ्लाइट ले सकते हैं या आगे काहिरा जाकर अमेरिका समेत अन्य देशों के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानें पकड़ सकते हैं. यह सलाह ऐसे समय आई है जब तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट के दोबारा खुलने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है.

माइक हकाबी ने कहा कि यह साफ नहीं है कि एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही कब सामान्य रूप से शुरू होगी. उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर एयरपोर्ट खुल भी जाता है तो उड़ानें बहुत सीमित होंगी और संभव है कि प्राथमिकता पहले से टिकट बुक करने वाले यात्रियों, खासकर एल अल (इजरायल की सरकारी एयरलाइन कंपनी) के यात्रियों को दी जाए. अन्य अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के तुरंत सेवाएं शुरू करने की संभावना कम है. यरुशलम स्थित अमेरिकी दूतावास ने पुष्टि की है कि सभी अमेरिकी सरकारी कर्मचारी और उनके परिवार अगले आदेश तक अपने-अपने स्थानों पर सुरक्षित रूप से शरण लिए हुए हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: ईरान की 'मोजेक डिफेंस', वो फॉर्मूला जिसके हमलों को नहीं रोक पा रहे अमेरिका-इजरायल

जॉर्डन के रास्ते इजरायल छोड़ना खतरनाक

अमेरिकी दूतावास ने साफ किया कि वह फिलहाल अमेरिकी नागरिकों को निकालने या सीधे मदद करने की स्थिति में नहीं है और लोगों से अपनी सुरक्षा की योजना खुद बनाने को कहा गया है. माइक हकाबी ने जॉर्डन के रास्ते इजरायल छोड़ने की सलाह नहीं दी. उन्होंने कहा कि वहां उड़ानें नियमित नहीं हैं और एलनबी क्रॉसिंग (इजरायल के नियंत्रण वाले वेस्ट बैंक से जॉईन के बीच ट्रांजिट रूट) के समय भी सीमित हैं. हालांकि साउथ यित्जाक राबिन/वादी अरबाह क्रॉसिंग सीमित घंटों में खुला है, लेकिन अम्मान के क्वीन आलिया इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानें कम हैं और देरी का खतरा बना रहता है.

ताबा बॉर्डर पर 24 घंटे खुली है लैंड क्रॉसिंग

अमेरिकी दूतावास के मुताबिक मिस्र के ताबा बॉर्डर पर लैंड क्रॉसिंग 24 घंटे खुली है. कुछ यात्रियों को वीजा शुल्क देना पड़ सकता है, हालांकि सिनाई क्षेत्र में रहने वाले अमेरिकी नागरिक इससे मुक्त हैं. अधिकारियों ने चेताया कि बिना सूचना दिए सुरक्षा हालात बदले जा सकते हैं, जिससे सीमा पार करने की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. दूतावास ने इजरायल में फंसे अमेरिकी नागरिकों से सतर्क रहने, नजदीकी शेल्टर की जानकारी रखने और हर रेड अलर्ट सायरन को गंभीर खतरा मानने की अपील की है, क्योंकि रॉकेट, मिसाइल या ड्रोन हमलों का जोखिम बना हुआ है. नागरिकों को अमेरिकी विदेश विभाग के स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम (STEP) में रजिस्ट्रेशन कराने की भी सलाह दी गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement