ब्रिटेन में तूफान ऑस्टिन के चलते जनजीवन प्रभावित है. इस बीच सरकार ने 'बी रेडी कैंपेन' की शुरुआत की है. सरकार ने लोगों से किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार रहने की अपील की है. सरकार ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे अपने घरों में कम से कम तीन दिनों तक काम आने वाले जरूरी सामान जमा करके रखें. ताकि संकट के समय वे किसी भी स्थिति से निपट सकें.
सरकार ने लोगों से पीने का पानी, खाने-पीने की चीजें, दवाइयां, टॉर्च, बैटरी और जरूरी समानों को जमा करने की सलाह दी है. खास बात यह है कि सरकार की यह अपील ऐसे समय में आई है जब तूफान 'ऑस्टिन' के कारण भारी नुकसान हुआ है. सरकार का कहना है कि आपात स्थिति में राहत और मदद पहुंचने में समय लग सकता है. ऐसे में, लोग तीन दिन का जरूरी सामान अपने पास जमा करके रखें.
सरकार ने लोगों से कहा है कि वे पहले अपने घरों में सामान की जांच करें और फिर अपनी जरूरत के हिसाब से सामान लें. सरकार ने लोगों से इमरजेंसी किट तैयार करने की अपील की है. इस किट में दवाइयों, बच्चों के लिए दूध, डायपर, पालतू जानवरों के लिए खाना भी रखने की सलाह दी गई है.
इमरजेंसी किट में क्या रखें
सरकार ने लोगों से तीन दिनों के लिए पीने के लिए पर्याप्त पानी रखने की सलाह दी है. खाना पकाने और सफाई के लिए भी अतिरिक्त पानी रखने की सलाह दी गई है. साथ ही, ऐसा खाना जमा करने की भी सलाह दी है जो जल्दी खराब न हो और जिसे फ्रिज में रखने या पकाने की जरूरत न पड़े. घर में टॉर्च, अतिरिक्त बैटरी, कंबल, स्लीपिंग बैग और गर्म कपड़े रखने की भी सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें: UAE से ब्रिटेन तक, विदेश में प्रॉपर्टी खरीदने की तैयारी में भारतीय, सर्वे में खुलासा
इमरजेंसी किट में फर्स्ट एड किट और जरूरी दवाइयां रखने को कहा गया है. साथ ही, बैटरी से चलने वाला या चार्ज किया हुआ पावर बैंक रखने को भी कहा गया है.
इसके अलावा, सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी में लोगों से पहचान पत्र, फोन नंबर और दूसरी जरूरी दस्तावेजों की कॉपी भी तैयार करने की सलाह दी गई है.
पड़ोसियों की करें मदद
ब्रिटेन सरकार ने लोगों से अपने पड़ोसियों के संपर्क में रहने और आपात स्थिति में एक-दूसरे की मदद करने की भी अपील की है. सरकार ने यह भी अपील की है कि जिन लोगों के पास अतिरिक्त जरूरी सामान है, वे उसे जरूरतमंद लोगों को दान करें.
प्रणय उपाध्याय