नेपाल को मिली पहली महिला ट्रांसजेंडर सांसद, पढ़ें- कैलाश से भूमिका बनने की पूरी कहानी

भूमिका श्रेष्ठ नेपाल की पहली महिला ट्रांसजेंडर सांसद बनी हैं. जन्म के समय वो लड़का थीं और उनका नाम कैलाश था. बाद में उन्होंने अपना नाम और रूप बदल लिया. अब भूमिका लैंगिक और यौनिक अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों के लिए संसद में आवाज उठाएंगी.

Advertisement
भूमिका का नाम पहले कैलाश था. (Photo: ITGD) भूमिका का नाम पहले कैलाश था. (Photo: ITGD)

पंकज दास

  • नई दिल्ली,
  • 17 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 12:22 PM IST

बहुरंगी झंडे के नीचे एक ऐसा समुदाय है, जिसकी जिंदगी अब भी ब्लैक एंड व्हाइट बनी हुई है. उन्हें लगातार अस्वीकार, अपमान और अत्याचार का सामना करना पड़ता है. बेरोजगारी और अभाव के बीच जीना पड़ता है. कई तरह की कानूनी जटिलताओं से गुजरना पड़ता है. अपनी इच्छाओं और आकांक्षाओं को दबाना पड़ता है. इस खुले समाज में भी खुद को छुपाकर जीना पड़ता है. वो कई मजबूरियों से घिरे हुए हैं.

Advertisement

इन्हीं मजबूरियों से संघर्ष करते हुए भूमिका श्रेष्ठ अब नेपाल की संसद में सांसद के रूप में कानून बनाने के काम में अपना योगदान देने वाली हैं. उन्हें राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने समानुपातिक सूची से चुना है. निर्वाचन आयोग ने सोमवार शाम सूची जारी की, जिसमें उनका नाम भी शामिल है. इसके साथ ही भूमिका को संसद में प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है.

बता दें कि भूमिका एक ट्रांसजेंडर महिला हैं. जन्म के समय वो लड़का थीं और उनका नाम कैलाश था. बाद में उन्होंने अपनी भावनाओं के मुताबिक अपना रूप और नाम बदला और भूमिका बनीं. अब वो राज्य के नीति-निर्माण स्तर पर बैठकर लैंगिक और यौनिक अल्पसंख्यक समुदाय की आवाज बनेंगी. 

पहली महिला ट्रांसजेंडर सांसद बनीं भूमिका

भूमिका नेपाल की पहली महिला ट्रांसजेंडर सांसद बनी हैं. हालांकि इससे पहले सन 2008 में जब नेपाल ने अपना पहला संविधान सभा का निर्वाचन किया था उस समय संविधान सभा में एशिया के पहले खुले समलैंगिक सांसद के रूप में सुनिल बाबु पंत चुने गए थे. लेकिन संसद में महिला ट्रांसजेंडर के रूप में भूमिका पहली सांसद बनी हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: तय होगी ट्रांसजेंडर की परिभाषा, सरकार लोकसभा में लेकर आई बिल 

पहचान के संघर्ष से नागरिकता संशोधन तक

भूमिका श्रेष्ठ का जन्म 1987 में काठमांडू के नैकाप में हुआ था. परिवार, स्कूल और समाज में भेदभाव और अपमान की वजह से उन्हें कक्षा 9 के बाद पढ़ाई छोड़नी पड़ी. सन 2005 में उन्होंने काठमांडू जिला प्रशासन कार्यालय से ‘कैलाश श्रेष्ठ’ नाम से नागरिकता हासिल की, जिसमें उनका लिंग ‘अन्य’ लिखा गया था.

नेपाल में तीसरे लिंग को कानूनी मान्यता मिलने के बाद नागरिकता में ‘अन्य’ लिंग रखने की व्यवस्था शुरू हुई थी. बाद में महिला पहचान के रूप में स्वीकार किए जाने की मांग करते हुए उन्होंने नागरिकता संशोधन के लिए पहल की. लिंग परिवर्तन के प्रमाण के साथ उन्होंने आवेदन दिया. 

इसके बाद 5 अप्रैल 2021 को मंत्रिपरिषद के फैसले के मुताबिक उनकी नागरिकता में संशोधन कर ‘भूमिका श्रेष्ठ’ नाम और ‘महिला’ लिंग कायम किया गया. इसे नेपाल में ट्रांसजेंडर पहचान की कानूनी मान्यता के तौर पर एक अहम कदम माना जाता है.

अभियान और अंतरराष्ट्रीय पहचान

भूमिका लंबे समय से ब्लू डायमंड सोसाइटी के साथ जुड़कर लैंगिक और यौनिक अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों के लिए काम कर रही हैं. इसी संस्था में सक्रिय रहते हुए उन्होंने खुलकर अपनी पहचान स्वीकार की. उनकी सक्रियता के कारण एक अंतरराष्ट्रीय संस्था ने उन्हें लैंगिक समानता के क्षेत्र में दुनिया के टॉप 100 युवाओं की सूची में भी शामिल किया था.

Advertisement

उन्होंने अपनी जिंदगी के एक्सपीरियंस पर आधारित ‘भूमिका: तेस्रो लिंगीको आत्मकथा’ नाम की नेपाली भाषा की किताब भी लिखी की है. इसमें पहचान, संघर्ष और सामाजिक स्वीकृति की कहानी पेश की गई है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली में महिलाओं-ट्रांसजेंडर्स के लिए 'पिंक सहेली कार्ड' लॉन्च, बसों में मुफ्त सफर के साथ मिलेंगी ये सुविधाएं

सांसद के रूप में नई भागीदारी

अब नीति-निर्माण स्तर पर पहुंचने के बाद भूमिका लैंगिक और यौनिक अल्पसंख्यक समुदाय के मुद्दों को संस्थागत रूप से उठाने की तैयारी में हैं. उनके मुताबिक नेपाल के संविधान की धारा 12, 18 और 42 के माध्यम से इन समुदायों के अधिकारों को मान्यता देता है, लेकिन उनका पूरी तरह कार्यान्वयन नहीं हो पाया है.

उनकी प्राथमिकता इन संवैधानिक अधिकारों को व्यवहार में लागू करने के लिए नीति, नियम और कानून बनाना है. वो कहती हैं, 'संविधान में अधिकार लिख देना काफी नहीं है, उन्हें लागू करने के लिए साफ नीति और सिस्टम भी जरूरी है.'

भूमिका शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और राज्य के अलग-अलग निकायों में इन समुदायों की भागीदारी पर जोर देती हैं. वो लोक सेवा आयोग जैसे सार्वजनिक संस्थानों में भी समावेशी प्रतिनिधित्व की जरूरत की बात करती हैं.

यह भी पढ़ें: जयपुर: ट्रांसजेंडर वकील को महिला कैटेगरी में टिकट, कहा मेरा अपना जेंडर है, विवाद बढ़ा तो बस पुलिस थाने पहुंची

Advertisement

विविध समुदायों की आवाज

भूमिका सिर्फ लैंगिक और यौनिक अल्पसंख्यक समुदाय तक सीमित नहीं रहना चाहतीं. उनका कहना है कि वो मधेसी, मुस्लिम, आदिवासी जनजाति, दिव्यांग और अन्य समुदायों के मुद्दे भी उठाएंगी, क्योंकि इन सभी समुदायों के भीतर भी लैंगिक और यौनिक अल्पसंख्यक लोग मौजूद हैं.

वो कहती हैं, 'मैं सिर्फ एक समुदाय की नहीं, बल्कि अलग-अलग पहचानों के भीतर रहने वाले सभी लैंगिक और यौनिक अल्पसंख्यकों की आवाज उठाने की कोशिश करूंगी.'

नया राजनीतिक संदेश

भूमिका पहले नेपाली कांग्रेस से भी जुड़ी थीं, लेकिन बाद में समावेशी प्रतिनिधित्व और परिवर्तन के एजेंडे को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी से अपना राजनीतिक सफर आगे बढ़ाया.

नेपाल की राजनीति में यौनिक अल्पसंख्यकों का प्रतिनिधित्व पहले भी देखा गया है. उदाहरण के लिए, सुनिल बाबु पंत खुले समलैंगिक पहचान के साथ संसद में पहुंचने वाले पहले नेता थे. लेकिन भूमिका श्रेष्ठ ट्रांसजेंडर महिला के रूप में नीति-निर्माण स्तर तक पहुंचने वाली पहली प्रतिनिधि मानी जा रही हैं.

उनका चयन नेपाली राजनीति में समावेशिता का नया संदेश देता है. उनका मानना है कि पिछड़े समुदायों को भी मौका मिलना चाहिए और अन्य राजनीतिक दलों को इससे सीख लेनी चाहिए.

यह भी पढ़ें: मणिपुर HC ने सुनाया ऐतिहासिक फैसला, नॉर्थ ईस्ट की ट्रांसजेंडर डॉक्टर के एकेडमिक रिकॉर्ड बदलने का आदेश

Advertisement

समाज में बदलाव की उम्मीद

भूमिका के मुताबिक, संविधान में अधिकार मिलने के बावजूद समाज में लैंगिक और यौनिक अल्पसंख्यकों के प्रति सोच अभी पूरी तरह नहीं बदली है. वो कहती हैं, 'जब हम खुद फैसले लेने की जगह पर पहुंचेंगे, तभी हमारे मुद्दे प्रभावी ढंग से उठ पाएंगे.'

वो नीति-निर्माण स्तर पर पहुंचकर कानूनी और नीतिगत सुधार के साथ-साथ समाज में जागरूकता और स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए भी काम जारी रखने की योजना बना रही हैं. लंबे संघर्ष, पहचान की लड़ाई और सामाजिक अभियान के बाद संसद तक पहुंची भूमिका श्रेष्ठ अब नेपाल के लैंगिक और यौनिक अल्पसंख्यक समुदाय के बदलते इतिहास की एक सशक्त आवाज बन गई हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement