इजरायल-अमेरिका और ईरान की जंग का आज छठा दिन है. हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं. ईरान लगातार उन देशों को निशाना बना रहा है जिन्हें अमेरिका का समर्थन करने वाला माना जा रहा है. इसी बीच बड़ी खबर सामने आई है कि दोहा में तीन-तीन धमाकों की आवाज सुनी गई है.
दोहा में मौजूद भारतीयों ने बताया कि शहर में लगातार तीन धमाकों की गूंज सुनाई दी, जिसके बाद दहशत का माहौल बन गया. इससे पहले भी खाड़ी क्षेत्र में ड्रोन और मिसाइल हमलों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. माना जा रहा है कि क्षेत्र में बढ़ते टकराव के बीच ईरान जवाबी कार्रवाई की रणनीति पर आगे बढ़ रहा है.
यह भी पढ़ें: हिंद महासागर में ईरानी युद्धपोत पर अमेरिकी हमला भारत के लिए खतरनाक! श्रीलंकाई सांसद ने किया आगाह
कतर ने गुरुवार को कहा कि राजधानी दोहा में अमेरिकी दूतावास के पास रहने वाले लोगों को एहतियातन वहां से हटाया जा रहा है. यह कदम ईरान की तरफ से किए गए हमलों के बाद उठाया गया है, जो अमेरिका और इजरायल के हमलों के जवाब में किए गए हैं.
उसी दिन कतर के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि ईरान की एक बैलिस्टिक मिसाइल दोहा से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित अल-उदीद में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर गिरी. इससे पहले कतर ने कहा था कि उसने हमद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हमले की कोशिश को नाकाम कर दिया.
यह भी पढ़ें: US-Israel vs Iran War: अमेरिका-ईरान जंग का क्रिकेट पर असर, क्रिकेट वर्ल्ड कप के 6 मैच टले
अल-अरबिया की रिपोर्ट के मुताबिक कतर के गृह मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "संबंधित अधिकारी एहतियात के तौर पर अमेरिकी दूतावास के आसपास रहने वाले लोगों को अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थानों पर ले जा रहे हैं." मंत्रालय ने यह भी बताया कि लोगों के रहने की उचित व्यवस्था कर दी गई है.
मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे घरों और इमारतों के अंदर ही रहें और बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलें.
aajtak.in