दुनिया के सबसे ताकतवर मुल्क अमेरिका को उत्तर कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग उन का खौफ सता रहा है. अमेरिकी खुफिया एजेंसी सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (CIA) का कहना है कि किम जोंग उन कोरियाई प्रायद्वीप को अपने अधीन करने के इरादे से परमाणु हमला कर सकता है.
CIA के निदेशक माइक पॉम्पेओ ने कहा कि के सुप्रीम लीडर किम जोंग-उन प्रशासन का परमाणु मिसाइल कार्यक्रम न सिर्फ आत्मरक्षा के लिए है, बल्कि इसका इस्तेमाल वह कोरियाई प्रायद्वीप को अपने अधीन करने के इरादे से आक्रमण के लिए कर सकता है.
मंगलवार को अमेरिकन इंटरप्राइज इंस्टीट्यूट में पॉम्पेओ ने कहा, "हम ऐसा मानते हैं कि किम जोंग उन परमाणु हथियारों का इस्तेमाल आत्मरक्षा से परे जाकर कर सकता है. उन्होंने कहा कि किम दोनों कोरियाई देशों को अपने अधीन करने के इरादे से 'आक्रमण' के लिए परमाणु और पारंपरिक सैन्य बलों का इस्तेमाल कर सकता है."
CIA प्रमुख ने कहा, "किम जोंग-उन सिर्फ सफल परमाणु परीक्षण से शांत नहीं बैठेगा. उसका अगला कदम हथियारों के जखीरे को विकसित करना या एकसाथ कई मिसाइलों को दागने की क्षमता का विकास करना हो सकता है." उन्होंने कहा, "हमारा मिशन यह है कि वह जितने दिन हो सके, इस अभियान को टाले."
पॉम्पेओ ने कहा कि मुक्ति का कथित लक्ष्य हासिल करने में कूटनीति विफल होने की स्थिति में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए अमेरिकी खुफिया और सैन्य एजेंसियां विकल्पों की एक श्रृंखला तैयार कर रही हैं. उन्होंने कहा, "हम पूर्ण रूप से वहां नहीं हैं, जहां हमें होने की जरूरत थी."
उन्होंने कहा, "हमारा मिशन अभी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन पूरी दुनिया में हमारे अधिकारी हैं, जो अमेरिकी दबाव अभियान को मदद के लिए यथासंभव सबकुछ करने के लिए मेहनत से काम कर रहे हैं और प्रायद्वीप को परमाणु मुक्त बनाने के लिए प्रतिबंध को और कड़े करने के अवसरों की तलाश कर रहे हैं."
राम कृष्ण