इस्लामाबाद पहुंच रहे अराघची, युद्ध खत्म करने के लिए अमेरिका से होगी बातचीत?

ईरान का एक प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंचने वाला है जिसके बाद अमेरिका के साथ शांति वार्ता के दूसरे दौर की संभावना जताई जा रही है. वार्ता को लेकर अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी सकारात्मक संकेत दिए हैं. इस बीच पाकिस्तान की राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.

Advertisement
अब्बास अराघची इस्लाबामाद पहुंच सकते हैं (Photo: AP) अब्बास अराघची इस्लाबामाद पहुंच सकते हैं (Photo: AP)

आजतक इंटरनेशनल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 24 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:59 PM IST

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची शुक्रवार देर रात को पाकिस्तान दौरे पर पहुंच रहे हैं. पाकिस्तान के बाद वो ओमान और रूस भी जाएंगे. उनके इस दौरे में द्विपक्षीय मुद्दों के अलावा ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के युद्ध की ताजा स्थिति पर चर्चा की जाएगी.

ईरानी विदेश मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट कर इस दौरे की जानकारी दी है. उन्होंने लिखा, 'इस्लामाबाद, मस्कट और मॉस्को के दौरे पर रवाना हो रहा हूं. मेरी इन यात्राओं का मकसद द्विपक्षीय मुद्दों पर अपने साझेदारों के साथ करीबी समन्वय करना और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर विचार-विमर्श करना है.'

Advertisement

अपने ट्वीट के अंत में अराघची ने लिखा कि 'हमारे पड़ोसी हमारी प्राथमिकता हैं.'

पाकिस्तानी सूत्रों ने भी बताया है कि ईरान का एक प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंच रहा है. सूत्रों के मुताबिक, अमेरिका के साथ शांति वार्ता के दूसरे दौर की भी उम्मीद जताई जा रही है. ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची एक छोटे वार्ता दल के साथ इस्लामाबाद पहुंच सकते हैं.

सूत्रों ने यह भी बताया कि अमेरिका की एक लॉजिस्टिक्स और सुरक्षा टीम पहले से ही राजधानी इस्लामाबाद में मौजूद है.

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने अराघची के तीन देशों के दौरे की जानकारी दी है. रिपोर्ट के मुताबिक, 'इस यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय परामर्श, बातचीत और क्षेत्र में जारी घटनाक्रमों पर चर्चा करना है. साथ ही अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर थोपी गई जंग की ताजा स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा.'

Advertisement

यह खबर ऐसे वक्त में आई है जब हाल ही में ईरान ने अमेरिका के साथ दूसरे दौर की वार्ता से इनकार कर दिया था. 22 अप्रैल को दोनों देशों के बीच 14 दिनों से चला आ रहा सीजफायर खत्म हो गया था लेकिन ईरान दूसरे दौर की बातचीत को तैयार नहीं था. इसे देखते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर को आगे बढ़ा दिया था.

बताया जा रहा है कि पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने अब्बास अराघची से फोन पर लंबी बातचीत की है. इस बातचीत के बाद अराघची पाकिस्तान दौरे पर आ रहे हैं.

दूसरे दौर की वार्ता की खबरों के बीच अमेरिकी रक्षा मंत्री ने क्या कहा

अराघची के इस्लामाबाद पहुंचने की अटकलों के बीच अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि ईरान के पास अमेरिका से अच्छी डील करने का मौका है.

एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने यह बात कही. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कहा, 'ईरान के पास बातचीत की मेज पर समझदारी से फैसला लेने का खुला मौका है.'

दूसरे दौर की बातचीत के इंतजार में पाकिस्तान

करीब एक हफ्ते से पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता का इंतजार कर रही है. हालांकि अब तक दोनों पक्षों की बैठक के कोई संकेत नहीं मिले हैं, फिर भी शहर के बड़े हिस्सों को प्रशासन ने बंद कर रखा है.

Advertisement

इस्लामाबाद में आने वाली प्रमुख सड़कों को बंद कर दिया गया है और प्रशासनिक केंद्र, जिसे 'रेड जोन' कहा जाता है, कड़ी सुरक्षा घेरे में है. इसके पास स्थित 'ब्लू एरिया' में कैफे में फलों का स्टॉक खत्म हो गया है, बाजार सुनसान पड़े हैं और बस टर्मिनलों पर सेवाएं बंद होने से वीकेंड पर घर जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है.

सरकारी अधिकारियों का कहना है कि ये पाबंदियां फिलहाल जल्द खत्म नहीं होंगी और प्रशासन किसी भी समय प्रतिनिधिमंडलों के पहुंचने के लिए तैयार है. इनमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आने की भी संभावना जताई जा रही है. एक अधिकारी ने कहा, 'हमें बताया गया है कि वार्ता किसी भी दिन हो सकती है.'

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement