बंगाल में TMC-कांग्रेस के बीच गठबंधन की सुगबुगाहट! कुणाल घोष बोले- फैसला ममता बनर्जी करेंगी

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के दौरान टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार की मुलाकात के बाद दोनों दलों के बीच चुनावी गठबंधन की संभावना पर चर्चा तेज हो गई है.

Advertisement
कुणाल घोष ने आरजीकर समेत कई मुद्दों पर बात की है. (Photo- ITGD) कुणाल घोष ने आरजीकर समेत कई मुद्दों पर बात की है. (Photo- ITGD)

अनुपम मिश्रा

  • कोलकाता,
  • 17 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 6:52 PM IST

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और कांग्रेस के बीच सियासी नजदीकियां बढ़ने की चर्चा शुरू हो गई है. टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष और बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार की दुर्गा पूजा पंडाल में मुलाकात के बाद दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. कुणाल घोष ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच कई राजनीतिक मुद्दों पर बातचीत हुई है. इसमें आने वाले चुनावों में गठबंधन करके लड़ने की संभावना पर भी चर्चा हुई. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में अंतिम फैसला टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी करेंगी.

Advertisement

दरअसल, दुर्गा पूजा के दौरान एक पूजा पंडाल में टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष और पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार की मुलाकात हुई. इस दौरान दोनों नेताओं ने काफी देर तक बातचीत की और साथ में प्रसाद भी ग्रहण किया. इस मुलाकात के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में टीएमसी और कांग्रेस के बीच रिश्तों में सुधार की चर्चा शुरू हो गई है.

ममता बनर्जी के हाथ में फैसला

कुणाल घोष ने कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार के साथ हुई मुलाकात को लेकर कहा, 'कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार के साथ एक पूजा पंडाल में काफी देर तक बातचीत हुई. कई मुद्दों पर चर्चा हुई है. जब राजनीतिक लोग एक साथ बैठते हैं, तो राजनीतिक चर्चा होती ही है.' उन्होंने आगे कहा, 'आने वाले दिनों में एक साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ने को लेकर भी बातचीत हुई है. अब आगे का फैसला पार्टी की नेता ममता बनर्जी करेंगी.'

Advertisement

कुणाल घोष के इस बयान के बाद दोनों दलों के बीच भविष्य में चुनावी तालमेल की संभावना को लेकर चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, अभी तक किसी गठबंधन को लेकर औपचारिक घोषणा नहीं की गई है.

अमित शाह के कोलकाता दौरे पर कसा तंज

इस दौरान कुणाल घोष ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कोलकाता आगमन को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, 'बहुत अच्छी बात है. घूमने आ रहे हैं.' कुणाल घोष ने यह भी कहा कि पहले बीजेपी का अपना कोई दुर्गा पूजा आयोजन नहीं होता था. पार्टी के नेता हॉल किराए पर लेकर पूजा करते थे, लेकिन अब स्थिति बदल गई है. उन्होंने कहा, 'अब सरकार बदल गई है और प्रशासन का इस्तेमाल करके आयोजन किए जा रहे हैं. कुछ पूजा कमेटियां बीजेपी के हाथों में चली गई हैं, इसलिए अमित शाह वहां घूमने आ रहे हैं.'

संदीप घोष को जमानत मिलने पर दिया रिएक्शन
कुणाल घोष ने अभया मामले में संदीप घोष को जमानत मिलने पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जमानत मिलना कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है. टीएमसी प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुरू से ही अभया मामले की निंदा की थी. उन्होंने दावा किया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार की पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था.

Advertisement

कुणाल घोष ने बीजेपी पर इस मामले को लेकर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि बीजेपी जिस तरह से इस मामले को लेकर प्रचार कर रही थी, अब उसे जवाब देना होगा. कुणाल घोष के इन बयानों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार के साथ उनकी मुलाकात की हो रही है. दोनों नेताओं के बीच चुनावी गठबंधन की संभावना पर बातचीत होने की बात सामने आने के बाद बंगाल में नए राजनीतिक समीकरणों को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »