पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव होने हैं. पहले चरण के तहत 23 अप्रैल और दूसरे चरण के तहत 29 अप्रैल को चुनाव होंगे. लेकिन इससे पहले कोलकाता में 27 अप्रैल से शाम छह बजे से लेकर सुबह छह बजे तक मोटरसाइकिलों की आवाजाही पर रोक रहेगी.
यह आदेश कोलकाता पुलिस ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के निर्देशों के अनुसार जारी किया है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सोमवार को सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस आयुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को मतदान से दो दिन पहले मोटरसाइकिलों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए थे.
इसी के तहत कोलकाता पुलिस ने एक अधिसूचना जारी कर कहा कि 27 अप्रैल से कोई भी मोटरसाइकिल रैली की अनुमति नहीं होगी. अधिसूचना में कहा गया है कि शाम छह बजे से सुबह 6 बजे तक मोटरसाइकिलों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. हालांकि चिकित्सा आपात स्थिति जैसे मामलों में छूट दी जाएगी.
इतना ही नहीं, इस अवधि के दौरान किसी भी मोटरसाइकिल पर पीछे बैठकर (पिलियन राइडिंग) यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी. हालांकि, चिकित्सा आपातकाल, पारिवारिक कार्यक्रमों और स्कूली बच्चों को छोड़ने या लाने के मामलों में छूट गई है.
बंगाल में मतदान के दिन सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक परिवार के सदस्य पिलियन राइडर के रूप में यात्रा कर सकेंगे ताकि वे मतदान कर सकें. पुलिस ने कहा कि छूट पाने के लिए स्थानीय थाने से पहले से लिखित अनुमति लेनी होगी.
ये प्रतिबंध पूरे कोलकाता महानगर क्षेत्र और दक्षिण 24 परगना के उन हिस्सों में लागू होंगे जो कोलकाता पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आते हैं. अधिकारियों ने बताया कि ये कदम स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के साथ डराने-धमकाने या किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए उठाए गए हैं.
aajtak.in