TMC प्रवक्ता जय प्रकाश मजूमदार गिरफ्तार, महिला से छेड़छाड़ और प्रॉपर्टी पर कब्जे के आरोप

बंगाल की सियासत में उस वक्त नया विवाद खड़ा हो गया, जब तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता जय प्रकाश मजूमदार को एक महिला के साथ कथित छेड़छाड़ और धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया. आरोप सिर्फ बदसलूकी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि एक प्रॉपर्टी पर 14 साल से कब्जा जमाने के दावे ने मामले को संवेदनशील बना दिया है.

Advertisement
14 साल से प्रॉपर्टी पर कब्जे का दावा, महिला से बदसलूकी के बाद फंसे प्रवक्ता. (Photo: X/@JayPMSpeaks) 14 साल से प्रॉपर्टी पर कब्जे का दावा, महिला से बदसलूकी के बाद फंसे प्रवक्ता. (Photo: X/@JayPMSpeaks)

अनुपम मिश्रा

  • कोलकाता,
  • 03 जून 2026,
  • अपडेटेड 4:29 PM IST

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के प्रवक्ता जय प्रकाश मजूमदार को एक महिला के साथ कथित छेड़छाड़ और धमकाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है. यह कार्रवाई बिधाननगर नॉर्थ थाने की पुलिस ने महिला की लिखित शिकायत के आधार पर की है. गिरफ्तारी के बाद ये मामला पश्चिम बंगाल की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि आरोप एक आपराधिक मामले का रूप ले चुका है.

Advertisement

इस मामले की शुरुआत सॉल्ट लेक स्थित E-337 नंबर की एक प्रॉपर्टी से जुड़ी बताई जा रही है. घर की मालकिन का आरोप है कि जय प्रकाश मजूमदार ने पिछले 14 वर्षों से इस संपत्ति पर कब्जा कर रखा था. उसे अपने कार्यालय के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे. पीड़िता ने कई बार कानूनी नोटिस भेजकर संपत्ति खाली करने को कहा, लेकिन हर बार उनकी मांग को नजरअंदाज कर दिया गया. 

आरोप है कि तमाम कानूनी प्रयासों के बावजूद प्रॉपर्टी का कब्जा उन्हें वापस नहीं मिल सका. बुधवार दोपहर घटनाक्रम ने अचानक नया मोड़ ले लिया. आरोपों के मुताबिक जय प्रकाश मजूमदार सॉल्ट लेक स्थित उसी मकान पर पहुंचे. बताया जा रहा है कि जब उन्होंने बंद पड़े दरवाजे को खोलने की कोशिश की तो घर की मालकिन ने इसका विरोध किया. दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई. 

Advertisement

महिला का कहना है कि कहासुनी बढ़ने पर जय प्रकाश मजूमदार ने उन्हें धक्का दिया. इतना ही नहीं पीड़िता के साथ वो छेड़छाड़ भी करने लगे. उसे धमकी भी दी. इसके बाद महिला ने सड़क पर ही जय प्रकाश मजूमदार को रोक लिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी. देखते ही देखते मामला सार्वजनिक विवाद में बदल गया. सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची.

पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए बिधाननगर नॉर्थ पुलिस स्टेशन लेकर गई. वहां महिला ने पूरे घटनाक्रम को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में छेड़छाड़, धक्का देने और धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए. पुलिस ने प्रारंभिक जांच और शिकायत के आधार पर जय प्रकाश मजूमदार को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. 

यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि प्रॉपर्टी को लेकर चल रहा विवाद क्या था. महिला द्वारा लगाए गए कब्जे के आरोपों में कितनी सच्चाई है. वहीं, छेड़छाड़ और धमकी से जुड़े आरोपों की भी अलग-अलग स्तर पर पड़ताल की जा रही है. आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है. फिलहाल सबकी नजर जांच के नतीजों पर टिकी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »