ममता बनर्जी की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है. विधायकों के बाद अब कई सांसद भी बागी हो गए हैं. इस बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बागी नेताओं ने बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से उनके आवास पर मुलाकात की. इस बैठक में टीएमसी के कई बागी सांसद मौजूद रहे.
जानकारी के मुताबिक, इसमें प्रतिमा मंडल, माला रॉय, मिताली बाग और सयानी घोष मौजूद रहीं. बैठक के दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी वहां उपस्थित थे, यह मीटिंग करीब 1 घंटे तक चली.
सूत्रों के मुताबिक, टीएमसी के विधायकों के बाद अब कई सांसदों के भी बागी होने की खबर है. ऐसे 19 सांसदों की एक सूची सामने आई है, जिसमें अभिनेता-राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा और पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान का नाम भी शामिल बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, इन सांसदों ने अपने हस्ताक्षर के साथ एक पत्र लोकसभा अध्यक्ष को सौंपा है. हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि या प्रतिक्रिया नहीं आई है.
यह भी पढ़ें: TMC के बागी सांसदों की लिस्ट आई सामने! शत्रुघ्न सिन्हा और यूसुफ पठान का भी नाम
इस सूची के सामने आने के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. इसकी वजह यह है कि लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के कुल 28 सांसद हैं. ऐसे में अगर बागी खेमे से जुड़े 19 सांसदों के दावे सही साबित होते हैं, तो यह टीएमसी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका होगा.
वहीं, कोलकाता में पार्टी के बागी विधायक और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बने ऋतब्रत बनर्जी दावा किया कि 64 विधायक उनके साथ हैं. उन्होंने कहा कि ये सभी विधायक जल्द ही विधानसभा अध्यक्ष को एक पत्र सौंपेंगे. ऋतब्रत बनर्जी के मुताबिक, उनका गुट अलग राजनीतिक पहचान के साथ काम करेगा और पश्चिम बंगाल के हितों की लड़ाई लड़ेगा.
बता दें, 3 जून को टीएमसी से निष्कासित विधायक ऋतब्रत बनर्जी को विधानसभा अध्यक्ष रथिंद्र बोस ने नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता दी.
पीयूष मिश्रा