‘हत्यारों को फांसी नहीं उम्रकैद हो, वो भी तड़पें’, चंद्रनाथ को याद कर फफक पड़ीं मां

पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद उनकी मां हासिरानी रथ का भावुक बयान सामने आया है. रोते हुए उन्होंने कहा कि वह हत्यारों को फांसी नहीं, उम्रकैद की सजा चाहती हैं. उन्होंने हत्या को सुनियोजित बताया है. उन्होंने कहा कि जब से शुभेंदु बाबू ने ममता बनर्जी को हराया है, मेरे परिवार को ऐसे खतरे का सामना करना पड़ रहा है.

Advertisement
चंद्रनाथ की मां ने हत्यारों को फांसी ना दिए जाने की बात कही है (Photo: ITG) चंद्रनाथ की मां ने हत्यारों को फांसी ना दिए जाने की बात कही है (Photo: ITG)

aajtak.in

  • कोलकाता ,
  • 07 मई 2026,
  • अपडेटेड 4:17 PM IST

मैं एक मां हूं, मैं नहीं चाहती उन्हें फांसी हो. मैं चाहती हूं कि उन्हें उम्रकैद मिले... यह कहते-कहते चंद्रनाथ रथ की मां हासिरानी रथ की आवाज भर्रा जाती है. आंखों से आंसू लगातार बह रहे हैं. सामने बेटे की तस्वीर है और आसपास बैठे लोग उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे हैं.

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के चांदीपुर में इस समय मातम पसरा हुआ है. बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद उनके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. लेकिन सबसे ज्यादा दर्द उस मां की आवाज में है, जिसने अपने बेटे को खो दिया. हासिरानी रथ बार-बार एक ही बात दोहरा रही हैं- अगर मेरे बेटे की मौत किसी हादसे में होती, तो शायद इतना दुख नहीं होता. लेकिन जिस तरह उसे मारा गया वही सही नहीं है.इतना कहते ही वह फिर रोने लगती हैं. वह कहती हैं कि मेरा बेटा किसी का बुरा नहीं करता था. 

Advertisement

फांसी नहीं, जिंदगीभर जेल में रहें

हत्या के बाद जहां बीजेपी नेताओं ने सख्त कार्रवाई और कड़ी सजा की मांग की, वहीं चंद्रनाथ की मां ने अलग मांग रखी. उन्होंने कहा, मैं नहीं चाहती कि उन्हें फांसी दी जाए. मैं चाहती हूं कि वो जिंदगीभर जेल में रहें. उन्हें हर दिन एहसास होना चाहिए कि उन्होंने क्या किया है. हासिरानी रथ ने बातचीत में राजनीतिक आरोप भी लगाए. उन्होंने कहा, जब से शुभेंदु बाबू ने ममता बनर्जी को हराया है, तब से हमारे परिवार पर खतरा बढ़ गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लगातार भड़काऊ बयान दिए जा रहे थे और चुनाव नतीजों के बाद माहौल और खराब हो गया. हालांकि इन आरोपों पर अभी तक टीएमसी की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

छह साल से थे साथ 

Advertisement

चंद्रनाथ रथ 2019 से बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के साथ काम कर रहे थे. इलाके में लोग उन्हें शांत और सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में जानते थे. लेकिन बुधवार रात मध्यमग्राम में हुई गोलीबारी ने सबकुछ बदल दिया. परिवार को जब फोन आया कि चंद्रनाथ पर हमला हुआ है, तब किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ देर बाद मौत की खबर आएगी. मां हासिरानी कहती हैं, मेरा बेटा घर से काम के लिए निकला था. किसे पता था कि वापस नहीं आएगा. घर के अंदर मातम का माहौल है. रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ लगी हुई है. हर किसी की जुबान पर सिर्फ एक ही बात है आखिर चंद्रनाथ की हत्या टीएमसी वालों ने करवा ही दी. 


कैसे हुआ हमला

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ अपनी कार से मध्यमग्राम इलाके से गुजर रहे थे. तभी एक कार और एक मोटरसाइकिल ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया. बताया जा रहा है कि पीछा करने वाली कार ने चंद्रनाथ की गाड़ी को ओवरटेक किया, जिससे उनकी कार की रफ्तार धीमी हो गई. इसी दौरान बाइक सवार हमलावर बेहद करीब पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. करीब चार राउंड गोलियां चलाई गईं. चंद्रनाथ रथ को सीने, पेट और सिर में गोली लगी. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इस हमले में कार का ड्राइवर भी घायल हुआ है. उसका इलाज कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में चल रहा है.
डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस ड्राइवर के बयान को भी जांच में अहम मान रही है, क्योंकि वही हमले का सबसे बड़ा चश्मदीद माना जा रहा है.

Advertisement

बिना नंबर प्लेट की बाइक

चश्मदीदों ने पुलिस को बताया कि हमले में इस्तेमाल की गई बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी. यही वजह है कि पुलिस इस हत्या को पूरी तरह सुनियोजित मान रही है. सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल से मिले कारतूसों को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमले में किसी आधुनिक छोटे हथियार का इस्तेमाल हुआ. फॉरेंसिक जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि आखिर कौन सा हथियार इस्तेमाल किया गया था.

सुपारी किलर्स एंगल पर जांच

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच में सुपारी किलर्स के एंगल को भी देखा जा रहा है. फिलहाल बंगाल पुलिस तीन स्थानीय हिस्ट्रीशीटरों से पूछताछ कर रही है, लेकिन मुख्य हमलावर अब भी फरार बताए जा रहे हैं. जांच एजेंसियां सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं. चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद बंगाल की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है. बीजेपी लगातार आरोप लगा रही है कि चुनाव नतीजों के बाद राज्य में हिंसा बढ़ गई है. वहीं दूसरी तरफ टीएमसी इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बता रही है. लेकिन इन राजनीतिक आरोपों के बीच सबसे ज्यादा दर्द उस मां के चेहरे पर दिखाई दे रहा है, जो बार-बार बेटे की तस्वीर देखकर रो पड़ती हैं. हत्या के बाद मध्यमग्राम और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस लगातार गश्त कर रही है और संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है. राजनीतिक तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement