'जिनकी सरकार में तार पर सूखते थे कपड़े अब वो भी...', बिजली संकट पर बोले CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजली कटौती को लेकर विपक्षी समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि जिनके शासनकाल में सप्ताह के हिसाब से बिजली आती थी, वही आज ऊर्जा संकट पर सवाल उठा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ पावर स्टेशनों में शटडाउन के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है.

Advertisement
CM योगी आदित्यनाथ. (Photo: ITG) CM योगी आदित्यनाथ. (Photo: ITG)

समर्थ श्रीवास्तव

  • लखनऊ,
  • 26 मई 2026,
  • अपडेटेड 1:51 PM IST

उत्तर प्रदेश में बढ़ती बिजली कटौती और ऊर्जा संकट को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. इसी बीच मुख्यमंत्री योगी ने विपक्षी समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाने वाले वही लोग हैं, जिनके शासनकाल में प्रदेश की हालत बेहद खराब थी. उन्होंने कहा कि उस समय हालात ऐसे थे कि लोग बिजली के तारों पर कपड़े सुखाते थे और सप्ताह के हिसाब से बिजली मिलती थी.

Advertisement

जल्द स्थिति होगी सामान्य: CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वर्तमान समय में कुछ पावर स्टेशनों पर तकनीकी कारणों से शटडाउन की स्थिति बनी हुई है. जिसकी वजह से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है. उन्होंने कहा कि सरकार इस समस्या को गंभीरता से ले रही है और लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली उत्पादन और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं.

उन्होंने कहा कि जब किसी पावर स्टेशन में शटडाउन होता है तो उसका असर सप्लाई पर पड़ना स्वाभाविक है. ऐसे में प्रदेश की जनता को थोड़े समय के लिए सहयोग करना चाहिए और पावर कॉरपोरेशन को भी आवश्यक समय दिया जाना चाहिए, ताकि तकनीकी खामियों को दूर किया जा सके. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार जल्द ही स्थिति को सामान्य कर देगी.

Advertisement

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह खुद पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों के साथ लगातार समीक्षा बैठकें कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में बड़े स्तर पर सुधार हुए हैं और प्रदेश में बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए कई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है.

योगी बोले- यह समय आरोप-प्रत्यारोप का नहीं
विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग आज बिजली संकट पर राजनीति कर रहे हैं, उन्हें अपने शासनकाल की स्थिति याद करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि पहले बिजली वितरण में भारी भेदभाव होता था और ग्रामीण इलाकों में लोगों को बेहद कम बिजली मिलती थी, लेकिन अब सरकार बिना भेदभाव के सभी क्षेत्रों में बिजली पहुंचाने का काम कर रही है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय आरोप-प्रत्यारोप का नहीं, बल्कि समस्या के समाधान का है. उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव प्रयास कर रही है और जल्द ही बिजली व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement