अयोध्या से पूर्व भाजपा सांसद विनय कटियार ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दान राशि और चढ़ावे में हुई कथित चोरी व अनियमितताओं के मामले में सीधे तौर पर राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को जिम्मेदार ठहराया है. विनय कटियार ने चंपत राय पर मंदिर के चढ़ावे के पैसे को कारसेवकपुरम स्थित अपने निजी आवास पर ले जाने का सीधा आरोप लगाया है. इस कथित वित्तीय अपराध की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों को जेल भेजने के लिए कटियार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मिलने का निर्णय लिया है. प्रधानमंत्री के सीधे हस्तक्षेप के बाद इस पूरे मामले की जांच के लिए अब एक विशेष एसआईटी (SIT) का गठन भी कर दिया गया है.
चंपत राय के निवास पर पैसे ले जाने पर उठे सवाल
विनय कटियार ने चंपत राय की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाते हुए कहा कि मंदिर में चढ़ने वाला दान का पैसा हमेशा मंदिर परिसर में ही बैंक अधिकारियों के सामने गिना जाता है और वहीं से सीधे बैंक जाता है. हर दिन लाखों-करोड़ों रुपये का यह चढ़ावा होता है, ऐसे में मंदिर से पैसे को कारसेवकपुरम स्थित अपने निवास स्थान पर ले जाना एक बड़ा अपराध है. कटियार ने दावा किया कि जब उन्हें इस बात की जानकारी हुई थी, तब उनकी चंपत राय से तीखी बहस (हॉट टॉक) भी हुई थी. उन्होंने साफ कहा कि चंपत राय को पद से बर्खास्त करना ही पड़ेगा.
करोड़ों भक्तों की आस्था पर आघात
पूर्व सांसद ने भावुक और कड़े शब्दों में कहा कि यदि राम जन्मभूमि ट्रस्ट के भीतर ही चोरी या भ्रष्टाचार जैसी घटनाएं सामने आती हैं, तो यह देश-दुनिया के करोड़ों रामभक्तों की आस्था पर सीधा आघात है. राम मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं है, बल्कि यह देश के करोड़ों लोगों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का जीवंत प्रतीक है. मंदिर निर्माण के इस ऐतिहासिक आंदोलन के दौरान हजारों कार्यकर्ताओं ने लाठियां खाईं, संघर्ष किया और अनेक लोग जेल गए थे. यहां तक कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने भी राम मंदिर आंदोलन के लिए अपने मुख्यमंत्री पद तक का त्याग कर दिया था.
पुलिस अफसरों से मुलाकात और एसआईटी जांच
कटियार ने ऐलान किया कि वे इस कथित घोटाले को लेकर आज ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करेंगे. वे एसएसपी और डीआईजी को प्रार्थना पत्र सौंपकर कथित दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी और उन्हें जेल भेजने की मांग करेंगे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री खुद इस मामले को देख रहे हैं, जिसके बाद गठित हुई एसआईटी अब दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी. कटियार ने दावा किया कि जैसे ही कानूनी कार्रवाई शुरू होगी, कई लोग खुद को बचाने की कोशिश करेंगे, लेकिन किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए.
कुमार अभिषेक / मयंक शुक्ला