पहले जाति पूछी फिर मार दिया थप्पड़... BHU में बवाल के बाद छात्र नेता गिरफ्तार

काशी हिंदू विश्वविद्यालय में छात्र विवाद का मामला सामने आया है. छात्र प्रशांत मिश्रा ने समाजवादी छात्र सभा के इकाई अध्यक्ष हिमांशु यादव पर जाति पूछकर थप्पड़ मारने, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. प्रोक्टोरियल बोर्ड की शिकायत के बाद लंका थाने में FIR दर्ज हुई और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
शिकायत में रैगिंग से सुरक्षा देने की भी अपील की गई है.(Photo: Roushan Kumar/ITG) शिकायत में रैगिंग से सुरक्षा देने की भी अपील की गई है.(Photo: Roushan Kumar/ITG)

रोशन जायसवाल

  • वाराणसी,
  • 02 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:46 PM IST

वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय में छात्र विवाद का मामला सामने आया है, जिसमें एक छात्र ने समाजवादी छात्र सभा के इकाई अध्यक्ष पर जाति पूछकर जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और मारपीट का आरोप लगाया है. पीड़ित एम.ए. द्वितीय वर्ष हिंदी विभाग के छात्र प्रशांत मिश्रा ने इस घटना की शिकायत पहले विश्वविद्यालय के प्रोक्टोरियल बोर्ड और बाद में पुलिस से की, जिसके बाद मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.

Advertisement

पीड़ित के अनुसार, घटना उस समय हुई जब वह विभाग में कक्षा करने के लिए पहुंचे थे. आरोप है कि आरोपी छात्र ने उनसे नाम, जाति और कोर्स के बारे में पूछा. जवाब देने के बाद जब पीड़ित ने आरोपी से उसका कोर्स पूछा, तो विवाद शुरू हो गया. शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने गाली-गलौच करते हुए थप्पड़ मार दिया और कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया.

यह भी पढ़ें: वाराणसी: यूपी कॉलेज हत्याकांड को लेकर छात्रों का गुस्सा बरकरार, सिर मुंडवाकर जताया विरोध, फोर्स रही तैनात

पीड़ित छात्र ने अपनी तहरीर में यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी. उन्होंने लिखा कि पूरी घटना विभाग में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है और उन्होंने अपनी सुरक्षा तथा न्याय की मांग की है. शिकायत में रैगिंग से सुरक्षा देने की भी अपील की गई है.

Advertisement

शिकायत के बाद दर्ज हुई FIR

प्रोक्टोरियल बोर्ड को दी गई शिकायत को आगे बढ़ाते हुए लंका थाने में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मारपीट और गाली-गलौच सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी छात्र हिमांशु यादव को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी समाजवादी छात्र सभा का इकाई अध्यक्ष बताया जा रहा है और वह अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित छात्र है. मामले के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

घटना ने परिसर में छात्र सुरक्षा और आपसी विवादों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. पीड़ित छात्र ने अपने जीवन की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है और न्याय की मांग की है.

पुलिस का बयान

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि प्रोक्टोरियल बोर्ड के माध्यम से लंका थाने में एक आवेदन प्राप्त हुआ था. शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने गाली-गलौच, तू-तड़ाक और मारपीट की. इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह घटना आपसी विवाद और पूछताछ के दौरान हुई बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

Advertisement

आरोपी के राजनीतिक बैकग्राउंड से जुड़े सवाल पर एसीपी ने कहा कि पूछताछ के बाद ही आगे की जानकारी दी जाएगी. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement