कोहरे में हादसे रोकने की तैयारी... सर्दियों से पहले योगी सरकार ने तैयार किया सेफ्टी प्लान

उत्तर प्रदेश में सर्दियों के दौरान कोहरे से होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए योगी सरकार ने सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की तैयारी की है. हाईवे पर एंबुलेंस की तैनाती, सड़क संकेतकों की मरम्मत और अनफिट वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

Advertisement
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ. (Photo: PTI) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ. (Photo: PTI)

aajtak.in

  • लखनऊ,
  • 17 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:39 PM IST

उत्तर प्रदेश में सर्दियों के दौरान शीतलहर और घने कोहरे से सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है. कोहरे में आगे का रास्ता साफ नहीं दिखता. ऐसे में हाईवे पर वाहन आपस में टकरा न जाएं, इसके लिए योगी सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है. हादसे की आशंका वाली जगहों के पास एंबुलेंस, पेट्रोलिंग गाड़ियां और रेस्क्यू वाहन तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि हादसा होने पर घायलों को जल्द मदद मिल सके.

Advertisement

राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने संबंधित विभागों को सुरक्षा के इंतजाम समय पर पूरे करने को कहा है. इसमें सड़क पर बने निशानों को साफ रखना, संकेतकों को ठीक करना और अनफिट गाड़ियों पर कार्रवाई करना शामिल है.

हादसे वाली जगहों पर रहेंगी एंबुलेंस

राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर हादसों की आशंका वाली जगहों के पास एंबुलेंस, पेट्रोलिंग गाड़ियां और रेस्क्यू वाहन उपलब्ध रहेंगे. इससे हादसे की सूचना मिलते ही मदद पहुंचाई जा सकेगी. घायलों को अस्पताल ले जाने में भी देरी नहीं होगी.

सड़क पर सफेद पट्टियां और संकेतक होंगे दुरुस्त

घने कोहरे में सड़क की सीमा समझना मुश्किल हो जाता है. सड़क पर बनी सफेद पट्टियां चालकों को रास्ता पहचानने में मदद करती हैं. इसलिए जहां ये पट्टियां मिट गई हैं, उखड़ गई हैं या धूल से ढक गई हैं, उन्हें ठीक कराया जाएगा. इसके अलावा, हाईवे पर लगे चमकने वाले संकेतकों, कैट्स आई और दिशा बताने वाले बोर्ड की भी जांच होगी. इनका मकसद कोहरे और कम रोशनी में चालकों को रास्ता समझने में मदद करना है.

Advertisement

मोड़ और चौराहों पर भी होगी तैयारी

हाईवे के मोड़ों, चौराहों, तिराहों और क्रॉसिंग पर लगे संकेतकों को ठीक रखा जाएगा. स्टॉप लाइन और जेब्रा क्रॉसिंग भी साफ दिखाई देनी चाहिए. जरूरत पड़ने पर चेतावनी और गति सीमा बताने वाले बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि चालक समय रहते सावधान हो सकें.

अनफिट गाड़ियों पर होगी कार्रवाई

सड़क सुरक्षा के लिए ऐसी गाड़ियों पर भी कार्रवाई की जाएगी, जो तय मानकों के मुताबिक सुरक्षित नहीं हैं. इसमें अनफिट वाहन और जुगाड़ से बनाई गई असुरक्षित गाड़ियां शामिल हैं. परिवहन विभाग और यातायात पुलिस मिलकर इनकी जांच करेंगे.

कोहरे में इन बातों का रखें ध्यान

सर्दियों में चालकों को फॉग लाइट और रिफ्लेक्टिव टेप का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया जाएगा. उन्हें सलाह दी जाएगी कि कोहरे में गाड़ी की रफ्तार कम रखें और आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें.

राहत आयुक्त ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के इंतजामों की नियमित जांच करने और कमी मिलने पर उसे तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए हैं. वाहन चालकों से भी अपील की गई है कि शीतलहर और घने कोहरे के दौरान सावधानी से गाड़ी चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »