उत्तर प्रदेश में विजिलेंस टीम ने एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए हापुड़, कन्नौज और बागपत में घूसखोरी के मामलों में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान बागपत के जिला पूर्ति अधिकारी और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया. वहीं, हापुड़ और कन्नौज में भी अलग-अलग मामलों में घूस लेने वाले अधिकारियों और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है.
विजिलेंस की मेरठ यूनिट ने बागपत के जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी को 40 हजार रुपये की घूस लेते हुए गिरफ्तार किया. वहीं क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी जोगिंदर सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया. आरोप है कि दोनों अधिकारी एक कोटेदार से कमीशन भुगतान के बदले 50 हजार रुपये की घूस मांग रहे थे.
यह भी पढ़ें: 'साहब, हाथ जोड़ रहे हैं', चीखता रहा 'रिश्वतखोर' CMO ऑफिस का बाबू, घसीटते हुए ले गई विजिलेंस टीम
जानकारी के अनुसार, जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी ने 25 रुपये प्रति कुंतल के हिसाब से 40 हजार रुपये मांगे थे, जबकि क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी जोगिंदर सिंह ने 500 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. विजिलेंस टीम की कार्रवाई के दौरान जोगिंदर सिंह रिश्वत लेकर भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे दिल्ली-लखनऊ हाईवे से गिरफ्तार कर लिया.
हापुड़ में स्टेनो रिश्वत लेते गिरफ्तार
हापुड़ में सहायक कमिश्नर राज्य कर कार्यालय में तैनात स्टेनो जयदीप को 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया. आरोप है कि जयदीप एक व्यापारी से फर्जी 48 हजार रुपये के टैक्स मामले को खत्म करने के नाम पर 24 हजार रुपये की घूस मांग रहा था.
वहीं, कन्नौज की सदर तहसील में तैनात डिप्टी रजिस्ट्रार अश्विनी कुमार वर्मा को उनके निजी दलाल जितेंद्र श्रीवास्तव के साथ 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया. बताया गया कि दाखिल-खारिज के मामले में यह रिश्वत मांगी गई थी.
दाखिल-खारिज के नाम पर मांगी गई रिश्वत
विजिलेंस जांच में सामने आया कि डिप्टी रजिस्ट्रार अश्विनी कुमार वर्मा अपने निजी दलाल जितेंद्र श्रीवास्तव के जरिए जमीनी विवाद में दाखिल-खारिज कराने के नाम पर 60 हजार रुपये की घूस मांग रहे थे.
उत्तर प्रदेश पुलिस की विजिलेंस टीम ने तीन जिलों में एक साथ कार्रवाई कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
संतोष शर्मा